महासमुन्द

कवियों ने बिखेरी कविताओं की छटा
31-Dec-2023 3:41 PM
 कवियों ने बिखेरी कविताओं की छटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 दिसंबर।
साहित्यकार डॉ.साधना कसार के निवास स्थान पर वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवयित्री आशा मानव की अध्यक्षता में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एस.चन्द्रसेन ने नववर्ष के आगमन के पूर्व अपनी कविता में कहा कि स्वागत है नववर्ष तुम्हारा आना नव निर्माण लेकर। साहित्यकार अशोक शर्मा ने कहा कि बीत गई घटनाएं होकर फिर भी उनका द्वन्द शेष है.. कुछ कांटों की चुभन शेष है.. कुछ फूलों की गंध शेष है। 

अध्यक्षीय आसंदी से आशा मानव ने पंक्तियां समर्पित की कि नवल नवल दिनमान है सबका है सम्मान आशा जी अगुवानी करती साधना  का गुणगान। कवि प्रलय थिट नेे अपने अनूठे अंदाज में काव्य पाठ करते हुये कहा कि कुछ आवाजें कर देती है स्तब्ध शांत इतना कि हो जाता है नि:शब्द सब कुछ साहित्यकार उमेश भारती गोस्वामी ने गोष्ठी को आगे बढ़ाते हुये रचना पाठ की मन तरंगित मूक वाणी, मौत सी स्तब्धता है चीखती खामोश रातें यार मेरा तू कहां है।

इस अवसर पर साहित्यकार बंधु राजेश्वर खरे ने कहा कि बापू तेरे देश में डाकू निकले हैं दौरे पर नेता जी के वेश में, शर्म और ईमान त्यागने को कहते हैं संदेश में। अशोक चौरडिय़ा ने कहा कि कदम बोसी ही जब जिन्दगी रह गई जिन्दगी फिर कहां जिन्दगी रह गयी। कवि भागवत जगत भूमिल ने कहा कि फूल बनूं तो हे ईश्वर मुझको कचनार बना देना। काव्य श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुये पुष्पलता भार्गव सुनंदा ने जब जब बादर करियाही छत्तीसगढ़ी गीत सुनाकर खूब तालियां बटोरी। 

नवोदित हस्ताक्षर श्लेष चंद्राकर ने अपनी गजल तीलियों से इन चिरागों को जला सकता हूं मैं। पुष्पा गजपाल पीहू, द्रोपती साहू, सरसिज ज्योत्सना कन्नौजे ने अपनी कविताओं से सबका मन मोह लिया। साहित्यकार डी.बसन्त साव साहिल व जयराम पटेल ने लघुकथा की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। कवयित्री डॉ. साधना कसार ने कहा कि अवतार की बात करोगे तो इंसान कैसे बन पाओगे। जगमकाते पत्थर की बात करोगे, नींव केपत्थर कैसे बन पाओगे। काव्य गोष्ठी का संचालन साहित्यकार टेकराम सेन चमक ने किया। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ अधिवक्ता भरत सिंह कसार ने किया। उक्त जानकारी प्रबुद्घ सिंह कसार ने दी है।
 


अन्य पोस्ट