महासमुन्द

यातायात दुरुस्त करने मुख्य मार्ग पर लगाए स्टॉपर
30-Dec-2023 3:19 PM
यातायात दुरुस्त करने मुख्य मार्ग पर लगाए स्टॉपर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर के मुख्य मार्ग में यातायात विभाग द्वारा स्टॉपर लगाए गए हैं। यह स्टॉपर डिवाइडर के मध्य रिक्त स्थान में लगाया गया है ताकि अनावश्यक क्रॉसिंग को रोका जा सके। साथ ही दुर्घटना की संभावना को भी कम किया जा सके। कल शुक्रवार को शहर के स्वामी चौक और पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्टॉपर लगाया गया है।

गौरतलब है कि शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। कुछ समय से विभाग लगातार प्रयास में लगा है कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। इस संबंध में यातायात डीएसपी घनेंद्र ध्रुव ने बताया कि शहर के मुख्य मार्ग में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास लगातार जारी है। कुछ स्थानों पर अनावश्यक क्रॉसिंग के कारण लगातार दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसलिए वहां स्टॉपर लगाकर ब्लॉक किया गया है। इससे अचानक मुख्य मार्ग में इधर से उधर क्रॉस करने वालों पर लगाम लगेगी। दोनों ही स्थानों में आगे और पीछे क्रॉसिंग के लिए डिवाइडर की दूरी ज्यादा नहीं है। ऐसे में क्रॉस करने के लिए अनावश्यक स्थानों को बंद किया गया है। 

इससे पहले बरोंडा चौक में भी सडक़ के बीच स्टॉपर लगाकर वाहन चालकों की मनमानी आवाजाही पर रोक लगाने का प्रयास किया गया है। यातायात डीएसपी घनेंद्र ध्रुव ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ  कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता भी जरूरी है। इसलिए स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। साथ ही आगामी दिनों में नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अभियान चलाकर जागरूक भी किया जाएगा। इससे आगे वे लोग कभी नियम उल्लंघन नहीं करेंगे। 
इसके अलावा अन्य प्रयास भी लगातार जारी हैं।


अन्य पोस्ट