महासमुन्द

कॉलेज की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू, पहले दिन का परचा सामान्य रहा
30-Dec-2023 3:17 PM
कॉलेज की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू, पहले दिन का परचा सामान्य रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर।
जिले में भी कॉलेज की सेमेस्टर परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं हैं। कल पहले दिन एम कॉम और बीएड के विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों की परीक्षा दी। जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज मचेवा में परीक्षा का केंद्र था, जहां पीजी कॉलेज के अलावा अन्य कॉलेजों के बीएड के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषय के पर्चों को सामान्य बताया।

मालूम हो कि कॉलेज के स्नातकोत्तर कक्षाएं एमए, एमएससी, एमकॉम, पीजी, योगा व बीएड आदि कक्षाओं की परीक्षाएं सेमेस्टर पद्धति से होती हैं। इनमें केवल नियमित विद्यार्थी ही शामिल होते हैं। हर साल यह परीक्षा दिसंबर.जनवरी के दौरान ही होती है। हालांकि इस बार परीक्षा देर से शुरू हुई है। इसका मुख्य कारण कॉलेज की पूरक परीक्षाओं में देरी है। वैसे इस बार विधानसभा चुनाव के कारण भी टाइम टेबल जारी करने में देरी हुई।

शुक्रवार से शुरू हुई सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी तक चलने वाली है। शुक्रवार को एमकॉम तृतीय सेमेस्टर और बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की गई। अपने विषयों के पर्चों के बारे में विद्यार्थियों की राय सेमेस्टर परीक्षा के पहले दिन एम कॉम तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रबंधकीय अवधारणा विषय की परीक्षा दी। परीक्षा देने आए विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा में आए हुए प्रश्न सामान्य स्तर के रहे। कुछ प्रश्न ही थोड़े कठिन रहे बाकी पूरा पर्चा सामान्य रहा। 

इसी प्रकार बीएड तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने शिक्षण शास्त्र विषय की परीक्षा दी। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए इस षिय के विद्यार्थियों के मुताबिक पर्चे में पूछे गए प्रश्न न तो सरल थे और न ही कठिन। 


अन्य पोस्ट