महासमुन्द
महासमुंद, 30 दिसंबर। बसना के सीमावर्ती क्षेत्र में घूम रहा हाथियों का दल फिर से एक बार सीमा से दूर चला गया है। सप्ताहभर पहले बसना के सीमावर्ती गांव में घुसकर हाथियों ने धान को खाकर नुकसान पहुंचाया था।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 23 हाथियों का दल बिलाईगढ़ और महासमुंद की सीमा के आसपास विचरण कर रहा था। वर्तमान में हाथियों का यह दल सारंगढ़ क्षेत्र में चला गया है। हाथियों के सीमा से दूर जाने से महासमुंद जिले के किसानों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि सप्ताहभर पहले दंतैल कोठीखोल बिलाईगढ़ परिक्षेत्र से बसना परिक्षेत्र के खेखल्लीडीपका व मुनगाडीह तक आए थे। इसके बाद बसना क्षेत्र के खेखल्लीडीपका, साजापाली से होते हुए बुंदेलाभांठा के गोठान के पास से हरदी परिसर के कक्ष 456 में चला गया। 22 दिसंबर को आखिरी बार हाथियों का दल जिले की सीमा के करीब आया था। इसके बाद दल सारंगढ़ क्षेत्र में चला गया।