महासमुन्द

सरायपाली नपा के चन्द्रकुमार कार्यवाहक अध्यक्ष
30-Dec-2023 2:43 PM
 सरायपाली नपा के चन्द्रकुमार कार्यवाहक अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर।
नगरीय प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा नगरपालिका सरायपाली के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में शहर के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद चन्द्रकुमार पटेल को नियुक्त किया गया है। विगत दिनों पूर्व अध्यक्ष अमृत पटेल के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद से नपा अध्यक्ष का पद रिक्त था। जिसमें शासन के द्वारा चन्द्रकुमार पटेल को नियुक्त किया गया। 

ज्ञात हो कि कार्यवाहक अध्यक्ष पटेल पूर्व कार्यकाल में भी अध्यक्ष पद पर आसीन थे। दिसंबर 2019 के नगरीय निकाय चुनाव में नगरपालिका के 15 पार्षदों में से भाजपा के 9, कांग्रेस के 3 तथा 3 निर्दलीय पार्षद विजयी हुए थे। लेकिन जब अध्यक्ष चुनने के लिए पार्षदों के बीच चुनाव हुआ तो 8 पार्षद कांग्रेस के पाले में हो गए और अमृत पटेल को नपा अध्यक्ष चुना गया था।

उनके नपा अध्यक्ष बनने के बाद से ही भाजपा खेमे में असंतोष दिखाई दे रहा था। इसके पश्चात अध्यक्ष के खिलाफ  पहला अविश्वास प्रस्ताव जुलाई 2022 में लाया गया था। लेकिन वह पारित नहीं हो सका। इसके बाद वर्तमान दिसंबर में एक बार फिर अध्यक्ष के विरूद्ध कुछ भाजपा पार्षदों के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। और इस बार पूर्ण बहुमत के साथ पारित हो गया और अमृत पटेल को अध्यक्ष पद छोडऩा पड़ा। इसके बाद से ही चन्द्रकुमार पटेल के पुन: अध्यक्ष बनने की चर्चाएं जोर-शोर से चल रही थी। 

अंतत:  शुक्रवार को नगरीय प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा आदेश जारी कर चन्द्रकुमार पटेल को आगामी आदेश तक के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री पटेल के कार्यवाहक अध्यक्ष बनते ही सरायपाली शहर में जश्न का माहौल था। कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त होने पर श्री पटेल ने कहा कि नगरीय क्षेत्र की जनता कभी भी नहीं चाहती थी कि यहां शहर में कांग्रेस का शासन हो। इसके लिए जनता ने 2019 में भाजपा के ही सबसे अधिक पार्षद चुने थे। लेकिन भाजपा का बहुमत होते हुए भी भाजपा के पार्षदी को कांग्रेस शासन का भय दिखाकर जनता के भावनाओं का दमन करते हुए दबाव से कांग्रेस के द्वारा अध्यक्ष पद पर कब्जा किया गया था। 

उन्होंने कहा कि बीते 4 वर्षों में पूरी तरह से शहर की मूलभूत सुविधाएं, साफ  सफाई, पेयजल आदि सभी कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। स्थिति यह है कि अभी बरसात समाप्त हुआ है और शहर में पेयजल सप्लाई के लिए टैंकर की जरूरत पड़ रही है। जबकि 4 वर्ष पूर्व शहर को टैंकर मुक्त किया गया था। इन चार वर्षों में केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। श्री पटेल ने कहा कि अब जनता की सभी समस्याओं को दूर करने का वे प्रयास करेंगे और पहले की तरह ही सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी। कार्यवाहक अध्यक्ष श्री पटेल सहित सभी भाजपा पार्षदों ने कल ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकत की और अध्यक्ष बनाये जाने के लिए उनका आभार प्रकट किया।
 


अन्य पोस्ट