महासमुन्द

विकसित भारत 2047 के ग्राम विकास और युवा थीम पर एकांकी स्पर्धा
25-Dec-2023 2:16 PM
विकसित भारत 2047 के ग्राम विकास  और युवा थीम पर एकांकी स्पर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 25 दिसंबर।
शासकीय महाविद्यालय सरायपाली में प्राचार्य पी के भोई के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी हेमलता पटेल, सहायक नोडल अधिकारी राज किशोर पटेल एवं कोऑर्डिनेटर डॉ राधेश्याम पटेल के निर्देशन में विकसित भारत 2047 के ग्राम विकास और युवा थीम पर एकांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस एकांकी प्रतियोगिता में सत्यम दल, शिवम् दल और सुन्दरम दल ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सत्यम दल ने ग्रामीण विकास को आधार बनाकर अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। पहले समय में ग्रामीण जन झाड़-फूंक से इलाज कर अपनी जान गंवा बैठते थे। प्रतिभागियों ने 2047 के संबंध में अपनी भूमिका, टेक्नोलॉजी, आत्म निर्भर भारत, शक्तिशाली राष्ट्र, युवा कौशल, वैज्ञानिक शोध, क्षमता और नवाचार के बारे में महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख किया।

इस एकांकी प्रतियोगिता में सत्यम दल प्रथम, सुन्दरम दल द्वितीय, शिवम् दल तृतीय स्थान पर रहे। एकांकी में सेतकुमार कोसरिया, शिवानी सिन्हा, सिन्धु जगत,नमेश कुमार डडसेना, अर्पिता कर,मनीषा स्वाईं, जयश्री प्रधान, रेणुका पोर्ते आदि प्रतिभागियों ने सार्थक संवाद और बेहतरीन अभिनय का परिचय दिया। एकांकी का कुशल निर्देशन मेघा दास ने किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक यूके बरिहा और डॉ. झरना साव थे। सभी विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। 


अन्य पोस्ट