महासमुन्द

महासमुंद में मध्यान्ह भोजन बंद होने की कगार पर
24-Dec-2023 3:22 PM
महासमुंद में मध्यान्ह भोजन बंद होने की कगार पर

समूहों को कुकिंग कॉस्ट की राशि 4 माह से नहीं मिली, 4 माह से मानदेय नहीं

उधार में राशन लाकर समूह की महिलाएं मध्यान्ह भोजन बना रहीं , 31 दिसंबर तक उधार चुकाने का दबाव है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 दिसंबर। सरकारी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली महिला समूहों को कुकिंग कॉस्ट की राशि 4 माह से नहीं मिली है। जिससे उन्हें राशन खरीदने में तकलीफ  हो रही है।

पता चला है कि खाना बनाने वाली रसोइयों को भी बीते 4 माह से मानदेय नहीं मिला है। दुकानदारों से उधार में राशन लाकर समूह की महिलाएं मध्यान्ह भोजन बना रहीं हैं। अब उनकी भी उधारी ज्यादा हो गई है। इसलिए 31 दिसंबर तक उधार चुकाने का दबाव है। ऐसे में जनवरी से जिले में मध्यान्ह भोजन बंद होने की संभावना है।

मालूम हो कि मध्यान्ह भोजन के लिए स्कूलों को शासन से 4 महीने से राशि जारी नहीं की गई है। इसके साथ ही रसोइयों को भी 4 महीने का मानदेय नहीं मिला है। इस कारण अब जिले में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था चरमरा गई है। जानकारी अनुसार स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूह जल्द ही खाना देने का काम बंद करने वाले हैं। क्योंकि राशन व अन्य सामान का उधार बढऩे के कारण अब वे सामग्रियों का प्रबंध करने में समर्थ नहीं हैं। इस तरह आगामी दिनों में स्कूलों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन मिलेगा या नहीं इस बात पर भी संशय है।

प्राथमिक शाला गढफ़ुलझर बसना में मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले किशोर राणा कहते हैं-उधार में राशन लेने की वजह से राशि बढ़ गई है। इसलिए मैंने मध्यान्ह भोजन का संचालन बंद कर दिया है। बीते 4 माह से राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक स्थिति पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।

 मध्यान्ह भोजन समूह के संचालक बेदलाल साव कहते हैं-मैं सरायपाली ब्लॉक के ग्राम गिधामुंडा में मध्यान्ह भोजन का संचालन करती हूं। बीते 4 माह से कुकिंग कॉस्ट की राशि नहीं मिलने के कारण मध्यान्ह भोजन का संचालन करना मुश्किल हो गया है।

राशि नहीं मिलने की स्थिति में जनवरी से मध्यान्ह भोजन संचालित नहीं कर पाएंगे। विभागीय जानकारी अनुसार जिले में प्रतिमाह मध्यान्ह भोजन के लिए कुकिंग कास्ट में करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष कुल 1310 प्राथमिक स्कूलों में 70639 विद्यार्थी और 512 मिडिल स्कूलों में 48326 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें प्राथमिक स्कूलों के लिए प्रति विद्यार्थी 5.69 रुपए व मिडिल स्कूल के लिए 8.17 रुपए मिलता है।


अन्य पोस्ट