महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 दिसंबर। राज्य स्तर तीरंदाज़ी के बाद अब महासमुंद के खिलाड़ी सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
राज्य स्तरीय सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता 2023-24 का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन रायपुर द्वारा 23 दिसंबर को सुबह 10 बजे से खेल अकादमी, खेल एवम् युवा कल्याण विभाग रायपुर के नए तीरंदाजी अकादमी में आयोजित किया गया। कल ही नए तीरंदाजी अकादमी का शुभारंभ भी किया गया। महासमुंद जिले से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तोरण यादव, राहुल,कुसोराम, सत्या साहू, नवलिन कौर, वैशाली, जया पहाटिया शामिल हुए।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी 40वीं एनटीपीसी सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता रायपुर छत्तीसगढ़ में भाग लेंगे, जिसमें विभिन्न राज्य के प्रतिभागी उपस्थित होंगे। महासमुंद के तीरंदाजी के बालक एवं बालिका को जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, जिला तीरंदाजी संघ अध्यक्ष डॉ.विकास अग्रवाल, बालआश्रम बिहाझर पुणेंद्र चंद्राकर,शासकीय स्कूल बकमा व्यायाम शिक्षक ऋषि कपूर साहू, खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, बाल आश्रम खेल प्रशिक्षक पिरित राम साहू, व्यायाम शिक्षक डॉ. सुनील भोई, हीरू राम साहू,अरविंद छाबड़ा,सोमनाथ साहू, मोहन साहू व जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा सदस्यों ने बधाईयां दी है।