महासमुन्द
महासमुंद, 24 दिसंबर। महासमुंद जिले में ट्रक के डीजल टंकी में ब्लास्ट के बाद इलाज के दौरान 43 दिन पहले ड्राइवर की मौत मामले में शनिवार को महासमुंद के घोड़ारी स्थित बीएसपीसीएल प्लांट के सामने छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन सहित मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की।
जानकारी अनुसार मुआवजे की मांग चालक के मौत के बाद से की जा रही है लेकिन कंपनी ने अब तक नहीं दिया है।अब पुलिस महासंगठन और कंपनी मैनेजमेंट के बीच समझौता कराने की बात कह रही है।
मामला यह है कि बीएसपीसीएल प्लांट में कार्यरत ड्राइवर की ट्रक की डीजल टंकी लीकेज हुई थी। जिसे वेल्डिंग कराने के दौरान टंकी में ब्लास्ट हुआ था। जिसमें ड्राइवर बुरी तरह झुलस गया था। इलाज के दौरान 9 नवंबर 2023 को उक्त ड्राइवर की मौत हो गई थी। जिसे लेकर रायपुर संभाग के करीब 500 ड्राइवर और संगठन के पदाधिकारियों ने परिजनों के साथ 41 लाख 28 हजार रुपए मुआवजा की मांग की है।
चूंकि महासमुंद जिले में ट्रक के डीजल टंकी में ब्लास्ट हुआ था और इलाज के दौरान 43 दिन पहले ड्राइवर की मौत हो गई थी। जिसको लेकर रायपुर संभाग के करीब 500 ड्राइवर और संगठन के पदाधिकारियों ने परिजनों के साथ 41 लाख 28 हजार रुपए मुआवजा की मांग की है। बीएसपीसीएल प्लांट घोड़ारी के सामने इन्होंने जमकर नारेबाजी की और प्लांट के सामने ही धरने पर बैठ गए। जानकारी अनुसार प्लांट प्रबंधन 19 लाख 50 हजार रुपए देने की बात पर अड़ी है। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि 19 लाख 50 हजार रुपए का मुआवजा बहुत ही कम है। यदि कंपनी ने मांग अनुरूप मुआवजा नहीं दिया, तो छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
इलाज के दौरान मौत
बीएसपीसीएल प्लांट में कार्यरत बिहार जहानाबाद के ग्राम खरका के रहने वाला रंजय कुमार साव 44 वर्ष, 2 नवंबर 2023 को ट्रक के लीकेज डीजल टंकी का वेल्डिंग करा रहा था। तभी वेल्डिंग की चिंगारी से ट्रक की डीजल टंकी में जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में ट्रक ड्राइवर रंजय कुमार साव बुरी तरह से झुलस गया और रायपुर में इलाज़ के दौरान 9 नवंबर 2023 को उसकी मौत हो गई थी।
41 लाख 28 हजार की मांग, कंपनी का इंकार
ड्राइवर की मौत के बाद बीएसपीसीएल कंपनी ने ग्रेजयुटी और इंश्योरेंस का 19 लाख 50 हजार रुपए देने पर सहमति जताई। जिस पर परिजनों ने अपनी आर्थिक स्थिति चिंताजनक बताते हुए 41 लाख 28 हजार रुपए देने की मांग की। लेकिन कंपनी इतनी राशि देने को तैयार नहीं हुई।
कमाने वाला एकलौता था
मृतक ड्राइवर रंजय कुमार साव अपने परिवार एकलौता कमाई करने वाला व्यक्ति था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी वीणा देवी साव, दो पुत्र संजीत कुमार 15 वर्ष, गोलू कुमार 10 वर्ष, पुत्री काजल कुमारी 14 वर्ष और मानसिक रूप से कमजोर मृतक का भाई मनोज कुमार है। अब इन सभी का भरण-पोषण करने वाला कोई नहीं है।

