महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 दिसंबर। गुस्से में अपने ढाई माह के पुत्र को जमीन पर पटक देने से हुई मौत के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय ने आरोपी को भादंसं की धारा 304 भाग 2 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास और 5 सौ रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर तीन माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार अभियुक्त तोषण दीवान (23 )खुसरूपाली का विवाह सेवतीबाई दीवान के साथ हुआ था। उनसे एक पुत्र था। प्रार्थिया सेवती बाई दीवान की तबियत खराब होने पर वह अपने मायके ग्राम पंडरीपानी चली गई थी।
23 अप्रैल 2023 को आरोपी तोषण अपनी पत्नी सेवती बाई को लेने पंडरीपानी पहुंचा और अपने साथ घर चलने कहा। इस पर प्रार्थिया ने तबियत ठीक नहीं है अभी नहीं जाउंगी कहा तो अभियुक्त ने सेवती बाई की गोद में रखे ढाई माह के बच्चे को छीनकर जमीन पर पटक दिया।
गंभीर हालत में बच्चे को तत्काल नुआपाड़ा ओडिशा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत पर टुहलू पुलिस चौकी में धारा 302 का अपराध दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया। कोर्ट ने इसे धारा 304 भाग 2 का अपराध मानते हुए फैसला सुनाया। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक भरत सिंह ठाकुर ने पैरवी की।