महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23 दिसंबर। मछली पकडऩे के लिए हुकिंग कर बिजली तार बिछाने के समय एक युवक उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद खल्लारी पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त को ग्राम कोमा निवासी अगेश्वर निषाद 32 गांव के मनीष चन्द्राकर 50 साल, रोहित निषाद 48 साल, समारू ध्रुव 40 साल, मनीराम ध्रुव 35 साल और ग्राम कण्डीझर बागबाहरा निवासी आशाराम ध्रुव 63 साल के साथ मछली पकडऩे के लिए बिजली तार लेकर झारा नाला गए थे। मछली पकडऩे के लिए लापरवाहीपूर्वक अवैध रूप से निम्न दाब लाइन से हुकिंग कर बिजली तार बिछा रहे थे। इस दौरान अगेश्वर निषाद तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह अचेत हो गया। उसे अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता बीरबल निषाद ने पुलिस को बताया कि उन्हें घटना की जानकारी त्रिलोचन निषाद ने दी। उसने बताया कि अगेश्वर बेहोश है, उसे इलाज के लिए बागबाहरा ले जाया गया है। वह घर आया तो अगेश्वर निषाद मृत अवस्था में मिला। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है।