महासमुन्द

50 लाख का गांजा समेत एमपी का एक गिरफ्तार, एक फरार
22-Dec-2023 3:24 PM
50 लाख का गांजा समेत एमपी का एक गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,22 दिसंबर।
महासमुंद पुलिस ने 50 लाख के एक क्विंटल गांजे के साथ मध्यप्रदेश के एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक गांजा परिवहन कर रहे कार में पकड़े गए आरोपी के अलावा एक अन्य आरोपी भी सवार था, जो पुलिस को देखकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। 

मालूम हो कि  वर्ष 2023 में अब तक 92 प्रकरणों में 169 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 17 करोड़ 50 लाख रुपए का 6704 किलोग्राम गांजा एवं लगभग 3 करोड़ कीमत के 74 वाहन बरामद किया जा चुका है।

आज पत्रकारवार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के सीमावर्ती राज्य ओडिशा से लगातार अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन महासमुंद के रास्ते किये जाने की सूचना पर समस्त थाना / चौकी प्रभारियों एवं सायबर सेल की टीम को नशीली पदार्थ, अवैध शराब तथा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले लोगो के खिलाफ कार्रवाई तथा सघन चेकिंग अभियान करने हेतु निर्देशित किया गया था।

इसी बीच 21 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि बरगढ़ ओडिशा से अवैध मादक पदार्थ गांजे की एक बड़ी खेप एक सफेद रंग के औरि कार में ओडिशा से महासमुंद होते हुए रायपुर छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश ले जाने वाला है। 

सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने थाना सिंघोड़ा प्रभारी एवं सायबर सेल की टीम को त्वरित कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। टीम ने  महासमुंद जिले में प्रवेश करने वाले समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की। जांच जारी थी कि तभी बरगढ़ ओडिशा की तरफ से एक सफेद औरा कार क्रमांक महासमुंद की ओर आ रही थी।  इस कार का चालक नाके में पुलिस टीम को चेकिंग करते देख वाहन को खड़ा कर जंगल की ओर भागने लगा।  जिसे पुलिस टीम ने एन.एच. 53 रोड ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर पकड़ा।

वाहन में सवार एक व्यक्ति फरार हो गया जबकि एक व्यक्ति सवार मिला। जिससे नाम पता पूछने पर उक्त व्यक्ति ने अपना नाम  विनोद सिंह  (23 वर्ष) थाना कोटी जिला सतना, मध्य प्रदेश बताया।

ओडिशा आने का कारण व पुलिस की टीम को देख कर भागने कारण पूछे जाने पर उन्होंने वाहन में गांजा होना बताया। जिसके आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। 

कार के पीछे डिक्की एवं बीच सीट में 4 प्लास्टिक बोरी के अंदर कुल 100 नग पैकेट खाकी कलर के टेप से टेपिंग किया हुआ एवं सफेद पॉलिथिन से लिपटा हुआ अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। 

वाहन में 4 प्लास्टिक बोरियों में प्रत्येक बोरी में 25-25 किलों ग्राम कुल 100 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। वाहन में अवैध गांजा परिवहन करते पाये जाने पर मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर एक च्ंिटल गांजा कीमती लगभग 50 लाख एवं औरा कार कीमती 6 लाख रुपए कुल जुमला कीमती लगभग 56 लाख रुपए बरामद किया गया। 

आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद होते हुए मध्यप्रदेश ले जाना बताया। भारी मात्रा में गांजा परिवहन किये जाने पर आरोपी के विरूद्ध धारा 20 एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोडा में कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट