महासमुन्द

डाक कर्मी बेमुद्दत हड़ताल पर, काम प्रभावित
15-Dec-2023 2:31 PM
डाक कर्मी बेमुद्दत हड़ताल पर,  काम प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर।
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के द्वारा 12 दिसम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जा रहा है। कर्मचारियों की इस हड़ताल से कई तरह की डाक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। जिसे देखते हुए विभाग के उच्चाधिकारियों के द्वारा ड्यूटी पर वापस आने का निर्देश देते हुए नौकरी से निकालने की बातें भी कही जा रही हैं।

उक्त जानकारी देते हुए सरायपाली उपसंभाग के अध्यक्ष दिनेश कुमार दास ने बताया कि ग्रामीण डाक सेवकों को विभाग नियमित कर्मचारी नहीं मानता। उन्हें कम वेतन पर भी 8 से 12 घण्टे कार्य करने के लिए विवश किया जाता है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यालय हेतु भवन का इंतजाम स्वयं करने, टार्गेट पूरा करने के लिए इंसेनटिव का प्रलोभन देना एवं पूरा न कर पाने पर वेतन काटने तथा अन्य दण्डात्मक कार्यवाही करने की बात कही जाती है। 

उन्होंने कहा कि आज के समय में 14 हजार से 19 हजार के वेतन में जीवन यापन करने के लिए विवश हैं। उन्हें किसी प्रकार की चिकित्सा सुविधा भी नहीं दी जाती है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए देशभर के सभी ग्रामीण डाक सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। यदि किसी को नौकरी से बर्खास्त करके हड़ताल को दबाने का प्रयास किया गया तो भी बर्खास्त कर्मचारियों को वापस बहाल करने एवं सभी मांगोंं के पूरी होने तक हड़ताल वापस नहीं होगी। 
 


अन्य पोस्ट