महासमुन्द

शादी का झांसा दे नाबालिग से रेप, 20 साल कैद
15-Dec-2023 2:29 PM
शादी का झांसा दे नाबालिग  से रेप, 20 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर।
शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप के मामले में दोषी पाए जाने पर आरोपी को 20 वर्ष के कारावास व 20 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया है। लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 06 के अंतर्गत विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने आरोपी को न्यायालय में अपराध दोष सिद्ध होने पर दंडित किया है।

अभियोजन के अनुसार आरोपी तुमगांव निवासी 20 वर्षीय जागेश्वर ध्रुव ने स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा को 13 नवंबर 2019 को रास्ते में रोककर शादी का प्रलोभन दिया। इंकार करने पर उसे बर्बाद करने की धमकी देते हुए उसे अपने साथ मुंबई ले गया और रेप करता रहा। स्कूल से वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तुमगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। 

इसी बीच मोहल्ले के जागेश्वर के भी गायब रहने की जानकारी मिलने पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान पीडि़ता को आरोपी के आधिपत्य से 26 नवंबर 2019 को बरामद किया गया। विवेचना की कार्रवाई पूर्ण कर मामला कोर्ट को सौंपा गया। 

जहां आरोप दोष सिद्ध होने पर आरोपी जागेश्वर ध्रुव को भादसं की धारा 363 के तहत 7 वर्ष का सश्रम कारावास व एक हजार रुपए का अर्थदंड, भादसं की धारा 366 के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास व दो हजार रुपए का अर्थदंड तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के अंतर्गत 20 वर्ष व 20 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया है।


अन्य पोस्ट