महासमुन्द
डेढ़ साल पहले लिये थे नगदी, नहीं भेजी मशीनें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 दिसंबर। हाइड्रा मशीन दिलाने के नाम पर 24 लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक मामला प्रकाश में आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी की पतासाजी की जा रही है।
पुलिस पोर्टल में दर्ज ऑनलाइन एफ आईआर के मुताबिक रायपुर मार्ग स्थित हिमालया पार्क निवासी प्रार्थी अजय नायडू ठेकेदारी का काम करते हैं। साथ ही वे ग्रेडर और रोलर मशीन भी रखे हैं, जिन्हें वे अपने काम में उपयोग करते हैं।
प्रार्थी अजय ने बताया कि उनके ससुर पी.अप्पाराव का करीम नगर में ट्रैक्टर रिपेयरिंग का वर्कशॉप है। ससुर के मित्र पुल्लेला मिनैया करीम नगर भिलाई में रहते हैं, वे प्रापर्टी डीलर हैं। बीते 20 मई 2022 को प्रार्थी अजय अपने ससुराल गये हुए थे। वहां आरोपी पुल्लेला मिनैया ने बताया कि उनके पास 2 हाइड्रा क्रेन है। जिसका पंजीयन टीएस 02.एफबी. 8399 तथा टीएस 24.सी.2489 है। वे उन्हें कम कीमत में दिलवा सकते हैं। उसी दिन आरोपी ने दोनों मशीनें करीम नगर के ऑटो नगर में जाकर दिखाया और बताया कि दोनों मशीनें पी.रामकृष्ण रेड्डी तथा अम्बी रेड्डी के नाम से पंजीकृत हैं। ये दोनों मशीनें क्रय कर चुके हैं। जिसके एग्रीमेंट भी है। उन्होंने कहा कि यदि उक्त दोनों मशीनें पसंद कर क्रय करते हैं, तो वे दोनों मशीनें पंजीकृत स्वामी से सीधे प्रार्थी के नाम पर ट्रांसफर कर देंगे।
मशीन का परीक्षण करने के बाद प्रार्थी अजय को आरोपी ने मशीन की कीमत 15 लाख रुपए बताया, लेकिन दोनों मशीन क्रय करने पर 12 लाख प्रति दर से दिलवा सकने की बात कही। प्रार्थी कुछ दिन रुकने की बात कहकर 2 दिन बाद महासमुंद आ गया। पांच जून 2022 को आरोपी पुल्लेला मिनैया प्रार्थी के ससुर को कम कीमत से दिलाने का प्रलोभन देकर प्रार्थी को राजी करने महासमुंद स्थित घर पहुंचा। उसने कहा कि मशीन के लिए बहुत से खरीददार आ रहे हैं। इसलिये आप जल्दी रुपए दे दो। उन दोनों मशीनों के फायनेंस का पैसा इन पटाकर भार मुक्त करके आपके नाम पर ट्रांसफर करा महासमुंद छोड़ दूंगा।
प्रार्थी अजय नायडू पुल्लेला मिन्नेया के प्रलोभन में आकर चौबीस लाख रुपए नगद मेहुल सूचक, जाहिद उर्फ गुड्डू चौहान के समक्ष प्रदान किया। उसने कहा कि वह लगभग दो महीने में वाहन को फायनेंस कंपनी से भारमुक्त कर उसका पंजीयन अजय नायडू प्रार्थी के नाम पर कराकर महासमुंद लाकर मशीन छोड़ देगा।
इसके लगभग ढाई-तीन महीने बाद प्रार्थी ने पुल्लेला मिन्नैया से मशीन को भेजने के संबंध में पूछताछ किया तो वह अभी कुछ समय लगेगा कहकर टाल मटोल किया। इसी प्रकार वह लगभग सवा साल से मशीन को लाकर देने का झूठा आश्वासन दे रहा है। अब आरोपी ने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया है। उससे मिलने प्रार्थी करीम नगर भी गया लेकिन उसने मिलने से मना कर दिया।
अजय नायडू ने कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि पुल्लोला मिन्नैया ने मुझे उपरोक्त दोनों मशीनों को कम कीमत में दिलाने का प्रलोभन देकर मेरे साथ धोखाधड़ी किया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।