महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 दिसंबर। दहेज के लिए प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी पति, सास व ससुर को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार सौम्या सलूजा की फांसी लगाकर आत्महत्या मामले में परिजनों को खबर मृतका के फोन के स्टेट्स में लगी। जिससे उसके मायके वालों को पता लगते ही परिजन थाने पहुंचे। जहां परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताडऩा व आत्महत्या के लिये उकसाने की शिकायत की है। सौम्या सलूजा की मौत के संबंध में अस्पताल मेमो प्राप्त होने पर मर्ग कायम कर शव पंचनामा हेतु अस्पताल ले जाया गया। मृतका की मौत संदिग्ध प्रतीत होने से मूल घटना स्थल सलूजा क्लॉथ स्टोर मृतका के घर कमरे का जाकर निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने जांच में पाया है कि घटना में प्रयुक्त दुपट्टा जमीन पर पड़ा हुआ था। कमरे में लगा सिलिंग फेन टूटकर मुड़ा हुआ था। पंखे के टुकड़े फर्श पर गिरे हुये थे। मृतका का मोबाइल बेड पर पड़ा हुआ था। जिसे जब्त किया गया। कमरे में खोजबीन की गई। किसी प्रकार की कोई सुसाइड नोट प्राप्त नहीं हुआ।
इस संदिग्ध मौत मामले में परिस्थितियों को देखते हुये शव पंचनामा हेतु तहसीलदार को प्रतिवेदन लिखकर पंचनामा हेतु मजिस्ट्रेट नियुक्त करने का प्रतिवेदन एवं मृतका का पीएम डॉक्टरों की टीम द्वारा कराने का प्रतिवेदन दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मृतका के पति गौरव उर्फ सन्नी सलूजा एवं ससुर रंजीत सलूजा को थाना लाया गया। नायब तहसीलदार द्वारा मायके वालों के समक्ष शव पंचनामा कार्रवाई की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टरों की टीम द्वारा पीएम कर शॉर्ट पीएम रिपोर्ट प्रदान किया गया। जिसमें मौत का कारण फांसी से श्वासावरोध के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट मौत की प्रकृति बताई गई है। पुलिस आगे जांच परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर होगी।
मालूम हो कि मृतका सौम्य सलूजा के भाई ने शिकायत में कहा है कि सलुजा क्लाथ स्टोर्स के गौरव सलूजा उर्फ सन्नी, उनके पिता रंजीत सलूजा, मां संगीता सलूजा विवाह के बाद से दहेज के लिए सौम्या को प्रताडि़त करते थे। गौरव सलूजा का अन्य लड़कियों के साथ भी अवैध संबंध था। उसी शिकायत के आधार पर बसना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 498, 306 का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
विवेचना के दौरान प्रार्थी, मृतका की मां-पिताजी का कथन लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों में गौरव सलूजा उर्फ सन्नी, रंजीत सलूजा का साक्ष्य हेतु मोबाइल जब्त किया गया है। विवेचना दौरान अपराध सबूत पाये जाने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मृतका सौम्य सलूजा के बच्चे छोटे होने से एवं घर में कोई पालन पोषण करने लायक सदस्य नहीं होने से मृतका के मायके वालों द्वारा बच्चों को अपने पास में रखने की मांग करने पर कार्यपालिका मजिस्ट्रेट के समक्ष दोनों बच्चों को सुपुर्दनामा मायके वालों को दिया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है।