महासमुन्द

पात्रों को उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने समिति गठित
11-Dec-2023 2:37 PM
 पात्रों को उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने समिति गठित

खाद्य अधिकारी, तेल कंपनी तथा प्रशासनिक अफसरों की टीम बनी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 दिसंबर।
केवल पात्रों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिले, इसे लेकर अब शासन ने नया बदलाव करते हुए जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति का गठन किया है। जिसमें खाद्य अधिकारी, तेल कंपनी तथा प्रशासनिक अफसरों की टीम शामिल हैं। यह टीम पूरी योजना के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी। उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों की जांच जिला स्तरीय समिति करेगी। इसकी अध्यक्षता कलेक्टर करेंगे।

जिला स्तरीय समितियां सुनिश्चित करेंगी कि पात्र परिवारों को ही लाभ मिले। इसके लिए समिति नियमित बैठक करेगी। इससे पहले सरकार की ओर से तय मानकों के अनुसार तेल कंपनियां ही लाभर्थियों का चयन करती थीं। मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में एलओसी के 11392, भारत पेट्रोलियम के 2139 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 3092 कनेक्शन हैं। कुल 21374 कनेक्शन रिलीज हैं। 

उज्ज्वला कनेक्शन के लिए कुल 26 लाख 68 हजार 601 हितग्राहियों में से 23 लाख 04 हजार 489 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनकी स्क्रूटनी बाकी है। कहा जा रहा है कि एक से अधिक कनेक्शन रखने वालों के अतिरिक्त कनेक्शन बंद किए जाएंगे। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को वर्तमान में मामूली सब्सिडी मिल रही है। लेकिन भाजपा ने सब्सिडी बढ़ाकर 500 रुपए तक करने की घोषणा की थी। सब्सिडी का लाभ कोई फर्जी तरीके से न उठाए इसलिए ई. केवाईसी अनिवार्य किया गया है। आदेश मिलने के साथ ही गैस एजेंसियां इस कार्य में जुट गई है। 

महासमुंद के खाद्य अधिकारी अजय यादव का कहना है कि  खाद्य विभाग भी इस कार्य में जुट चुका है। शासन की ओर से कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं है, कि कितने को कनेक्शन देना है। लेकिन पात्रों को कनेक्शन मिले इसलिए आवेदनों की जांच के लिए समितियां बनाई गई है। पीएम ने देश भर में 75 लाख उज्ज्वला कनेक्शन देने की घोषणा की थी।
 


अन्य पोस्ट