महासमुन्द

स्वच्छ-सुंदर-अपना भारत का संदेश लेकर भारत भ्रमण के लिए साइकिल से निकला अजय सिरपुर पहुंचा
11-Dec-2023 2:30 PM
 स्वच्छ-सुंदर-अपना भारत का संदेश लेकर भारत भ्रमण के लिए साइकिल से निकला अजय सिरपुर पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 दिसंबर।
स्वच्छ भारत-सुंदर भारत-अपना भारत का संदेश लेकर भारत भ्रमण के लिए साइकिल यात्रा पर निकले युवा अजय कुमार आज सुबह महासमुंद जिले के प्राचीन नगरी सिरपुर पहुंचे। यहां सिरपुर भ्रमण के लिए निकले आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर की नजर इन पर पड़ी। इस वक्त यहां इमरान खान, ग्रामवासी पंकज ध्रुव, गीतेश्वर ध्रुव, हेमंत गोस्वामी, चन्द्रभान गोस्वामी, दानेश्वर गोस्वाम भी पहुंचे थे। 

उपस्थित सभी ने अजय का फूलमाला और श्री फल भेटकर स्वागत किया और उन्हें अपने उद्देश्य में सफल होने के लिए शुभकामनाएं दी। 
मालूम हो कि अजय द्वादश ज्योतिर्लिंग साइकिल यात्रा पर भारत भ्रमण के लिए निकले हैं। अजय कुमार हरियाणा कैथल जिले के रहने वाले हैं। इनके पिता जोगिंदर सिंह पेशे से किसान हैं। आज सिरपुर में इन्होंने भ्रमण के दौरान गंधेश्वर महादेव मंदिर एवं विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर का दर्शन किया। 

उन्होंने बताया-साइकिल यात्रा की शुरुआत दिसंबर 2022 में निजी सहयोग और लोगों के सहयोग से शुरू की थी। मेरे मन में यह ख्याल आया कि साइकिल चलाते हुए अच्छी तरह से सारा देश का भ्रमण कर किया जा सकता है। इससे लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा फिटनेस के लिए जागरुक भी किया जा सकता है। देशवासियों को इसके लिए प्रेरित भी कर सकते हैं। इसी विचार को लेकर मैंने पर्यावरण बचाओ का प्रचार-प्रसार करते हुए सारे देशवासियों को प्रेरित करना शुरू किया। जगह-जगह पर विश्राम के दौरान लोगों का आकर्षण का केंद्र भी बना हुआ हूं। नई-नई जानकारियां और अनुभव लोगों के साथ साझा कर रहा हूं।

अजय ने बताया कि  देश में विषम परिस्थिति में ऑक्सीजन की कमी लोगों को नहीं हो, इसके लिए लोगों से बातचीत भी हो रही है। चूंकि लोगों ने पेड़ लगाना कम कर दिया है। वृक्षों को काटना ज़्यादा शुरू कर दिया है। अत: एक पेड़ लगाने की भी चर्चा हो जाती है। अभी तक मैंने 14 हजार 500 किलोमीटर की यात्रा पूरी की है।

आगे बताया कि अब तक 16 राज्यों की दूरी नाप चुका हूं। अभी भी 12 राज्य बाक़ी हैं। लगभग 20 हज़ार किलोमीटर की दूरी तय करना बाकी हैं। कुल मिलाकर मेरा 35 हज़ार किलोमीटर यात्रा करने का लक्ष्य है। रास्ते में ही कुछ लोगों की मदद से मेरा रहना-खाना हो जाता है।
 


अन्य पोस्ट