महासमुन्द

ओडिशा के नेत्रहीन कलाकार प्रस्तुत देते रहे, सुुनने वाले नहीं मिले
11-Dec-2023 2:29 PM
 ओडिशा के नेत्रहीन कलाकार प्रस्तुत देते रहे, सुुनने वाले नहीं मिले

 दान में मिले रुपए से स्कूल चलता है, शिक्षक-शिक्षिकाएं भी नेत्रहीन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 दिसंबर।
अपने शहर के लोगों के साथ करीबी व्यवहार रखने वाले, अतिथियों के आवभगत में जुटे रहने वाले महासमुंद में कल अजब नजारा था। कल पहली बार ऐसा हुआ कि आंखों से न देख सकने वाले गायक-वादक कलाकर बीच चौक पर अपनी प्रस्तुत दे रहे थे। ये कलाकार यहां पड़ोसी राज्य ओडिशा से पहुंचे थे। 

लगभग 100 मीटर की दूरी पर लोग बेतहाशा आतिशबाजी कर रहे थे, लेकिन इन्हें सुनने वाले इक्के-दुक्के लोग ही थे। पूरे तीन घंटे तक इसी स्थिति में उन्होंने एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां दी और अपना साज समेटकर वापस सौट गए। इन कलाकारों की टीम रात 10 बजे अपना साज सामान लेकर रवाना हुए तो बताया कि दान में मिले रुपयों से इन कलाकारों का स्कूल चलता है। स्कूल में शिक्षक और शिक्षिकाएं भी आंखों से दिव्यांंग हैं। 

इस तरह संगीत और कला साहित्य के शौकीनों के रूप में पहचाना जाने वाले महासमुंद शहर में कल रात भजनों और सुगम संगीत की प्रस्तुति देने पहुंचे 8 सदस्यीय नेत्रहीन कलाकारों को श्रोता नहीं मिले। महज एक्का-दुक्का राहगीर ही उनकी कला की कद्र करते हुए कुछ देर ठहरे, लेकिन थोड़ी थोड़ी देर बाद वे भी निकल गए। महज 100 मीटर की दूरी पर आतिशबाजी करने के लिये जुटी युवाओं की टीम भी इन्हें सुनने लोहिया चौक नहीं पहुंचे। स्वयं को कला के प्रति समर्पित कहने वाले कलाकार भी यहां नहीं दिखे जो इनकी कला पर तालियां बजा इनकी कद्र करते। फिर भी नेत्रहीन कलाकारों ने धैर्यपूर्वक 3 घंटे की लगातार प्रस्तुति दी। 

ये कलाकार ओडिशा के नवरंगपुर से कल शाम 6 बजे के आसपास स्वयं की वाहन तथा वाद्ययंत्र लेकर लोहिया चौक महासमुंद पहुंचे थे। इसके बाद 7 बजे इन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति शुरू की। कलाकारों ने बताया कि वे जेएम ब्लाइंड स्कूल ओडि़शा में पढ़ाई करते हैं। विभिन्न शहरों में जाकर अपने स्कूल के संचालन के लिए संगीत की प्रस्तुति देकर धन एकत्र करते हैं। 

कलाकारों के मैनेजर रिन्कू जनक ने बताया कि दान में मिले रुपए से ही उनके स्कूल का संचालन होता है। 
कल गायक लिप्पू जेना कृष्णा ने मोहम्द रफ ी, हरिहरन तथा हरिओम शरण प्रख्यात गायकों के गीतों को खुबसूरती से अपने स्वरों में  पिरोया, वहीं गायिका कादंबरी बेहरा तथा लक्ष्मी जनक ने स्वर साम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर, अनुराधा पौडवाल के गाए भजनों को खूबसूरती से गाया। प्रोग्राम में तबले पर प्रीतम पात्र, पैड पर राजशेखर, भीमसेन नायक ढोलक पर संगत दे रहे थे। 

 


अन्य पोस्ट