महासमुन्द

दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश, खेतों में पानी, धान भीगा
06-Dec-2023 3:01 PM
दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश, खेतों में पानी, धान भीगा

खड़े धान के पौधे टूटकर गिरने लगे, बारिश से धान खरीदी प्रभावित 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 दिसंबर।
महासमुंद जिले में दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश जारी है। धान की फसल के चलते खेतों में पहले से नमी वाली जमी थी। लिहाजा खेतों में पानी भरने लगा है। खड़े धान के पौधे कमर से टूटकर जमीन में गिरने लगे हैं। कटे हुए धान का करपा पानी में भीगते पड़ा है। धान की बालियां छोटे-छोटे टुकड़ों में टूटकर कंसी से रूप में जमीन पर गिरने लगे हैं। इस बारिश के चलते उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रभावित हो रही है। सोसायटी के कर्मी धान के स्टेग पर कैप कव्हर चढ़ाने में ही व्यस्त हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जिले में कल मंगलवाल को 4 हजार 183 का टोकन कटा था। जिनका धान उपार्जन केंद्रों में खरीदा जाना था। लेकिन बारिश को देखते हुए किसानों को सूचित कर दिया गया कि आज खरीदी बंद रहेगी। 

मालूम हो कि एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी से अब तक 50 हजार 168 किसानों से कुल 2499288.80 क्वि. धान की खरीदी हुई है। जो कुल लक्ष्य का 32 प्रतिशत है। इनमें से मात्र 7 लाख 9 हजार 30 क्विंटल धान का उठाव खरीदी केंद्रों से हुआ है। जो कुल खरीदी धान का मात्र 28.88 प्रतिशत है। जबकि 18 लाख क्विंटल धान अभी जाम है।

इस बार 158702 किसानों ने धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया है। विभाग ने 2023-24 में 99 लाख 62 हजार 480 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। अब तक 545.62 करोड़ रुपए के धान की खरीदी की जा चुकी है। जिन किसानों ने कटाई नहीं की है, उनके लिये बारिश परेशानी का सबब बन चुकी है। आसपास के अनेक ग्रामों में जहां खेतों में हार्वेस्टर नहीं पहुंच पाता वहां के किसानों के धान करपा भीगने की जानकारी मिली है।

इस वक्त हिन्द महासागर से उठने वाला मिचौंग चक्रवाती तूफान का 90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्रप्रदेश के समुद्री तट से टकराने के बाद आज जिले भर में असर कर रहा है। इस तूफान की वजह से प्रदेश सहित जिले के मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम वैज्ञानिक कह रहे हैं कि आने वाले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी संभावित है। बारिश के साथ तेज हवा भी चल सकती है। आठ दिसंबर से मौसम खुलने की उम्मीद है। इसके बाद ठंड बढ़ेगी।

इस बारिश से अधिकतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की उम्मीद है, पर न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। तूफ ान के चलते आज सुबह भी जिला मुख्यालय महासमुंद में हल्की बारिश हुई और हवा चली जिससे ठंड बढ़ गई। कल दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।

तूफान के चलते मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। अगर तेज बारिश होती है तो इसका असर सब्जियों पर भी पड़ सकता है। 
उद्यानिकी विभाग के उप संचालक श्री वर्मा नेे बताया कि हल्की और मध्यम बारिश होने से सब्जियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पर यदि तेज बारिश होती है तो टमाटर, मिर्ची, गोभी, बैगन सहित मौसमी सब्जियों की पैदावार पर इसका असर होगा।

 


अन्य पोस्ट