महासमुन्द
महासमुंद, 5 दिसंबर। रायपुर.विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर एक दो दिन से ट्रेनों का संचालन व्यवस्थित नहीं होने के कारण यात्री परेशान हैं। यहां रविवार रात 9.52 को दुर्ग से विशाखापट्टनम जाने वाली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया।
सोमवार को तिरूपति से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन को भी रेलवे ने कैंसिल कर दिया। जिससे यात्री रायपुर-बिलासपुर जाने के लिये परेशान हुये। कई यात्री अपनी जरूरी यात्रा के मद्देनजर सडक़ मार्ग से अधिक किराया देकर बस, टैक्सी आदि में सफर करने विवश हुए। यात्रियों को ज्यादा दिक्कत समता एक्सप्रेस के न होने को लेकर भी हुई। आगामी दिनों पुरी-अजमेर-पुरी, पुरी-गांधीधाम-पुरी के अलावा विशाखापट्टनम एलटीटी भी केसिंल होने की जानकारी मिली है। बहरहाल आज व कल कुछेक ट्रेनें काफी विलम्ब से महासमुंद पहुंचेंगी। जिसमें सोमवार को सुबह एक बजे राजस्थान से आने वाली भगत की कोठी अपने निर्धारित समय से करीब 11-12 घंटे विलम्ब से पहुंची।
इसी तरह पुरी से दुर्ग जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस भी अपने समय से दो घंटे विलम्ब से पहुंची। बताया गया है कि उक्त ट्रेन के महासमुंद रेलवे स्टेशन आने का समय करीब सुबह 8.30 बजे है। जो निर्धारित समय से दो घंटे विलम्ब से पूर्वान्ह 10.50 बजे पहुंची।