महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5 दिसंबर। महासमुंद जिला अस्पताल में प्रसूताओं को कोविड वार्ड में रखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि यहां बिस्तरों की कमी की वजह से कोरोना वार्ड का उपयोग किया जा रहा है। इस अस्पताल में जिले के अलावा आरंग, खरियार रोड से भी प्रसुताएं पहुंचती हंै। जिले के अन्य शासकीय अस्पताल तथा पड़ोसी जिलों में सामान्य प्रसव सुविधा नहीं होने की वजह से मेडिकल कालेज अस्पताल महासमुंद में प्रसुताओं की भीड़ अधिक रहती है। जानकारी के मुताबिक प्रसूति वार्ड इन दिनों फु ल चल रहा है। लिहाजा प्रसूतियों को इमरजेंसी वार्ड में भी रखा जा रहा है।
यहां प्रसूतियों की भीड़ की वजह से मजबूरीवश चिकित्सकों को तारीख देकर पर तारीख देना पड़ रहा है। अस्पताल में आने वाले को न समय पर उपचार मिल रहा है न ही सुविधाएं मिल पा रही हैं। हाल ही में इस मेडिकल कालेज असप्ताल की सुविधाओं को लेकर शो काज नोटिस भी मिली है। अस्पताल में निरीक्षण के लिए आने वाले वरिष्ठ अधिकारी स्थानीय प्रबंधन को अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने कई बार निर्देशित कर चुके हैं। लेकिन स्थिति जस की तस है। इस अस्पताल में पलंग की संख्या बढ़ाने के लिए स्थानीय लोग कई बार अस्पताल प्रबंधन से मांग कर चुके हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उदासीनता के चलते अभी तक पलंग की संख्या नहीं बढ़ सकी है। अस्पताल में आसपास के लगभग अनेक गांवों के लोग यहां इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन अस्पताल में सुविधाओं के नाम पर मरीजों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। कोरोना काल के दौरान यहां कुल 300 बेड इमरजेंसी हेतु लगाए गए थे। वर्तमान में इस कक्ष का उपयोग डीलवारी हेतु हो रहा है।
अस्पताल में पर्याप्त बेड की सुविधा नहीं होने से प्रसव कराने के लिए आने वाली प्रसूताओं को घंटों प्रतीक्षा करना पड़ रहा है। बेड की कमी की वजह से अस्पताल प्रबंधन कोविड के दौरान बने आपातकालीन चिकित्सालय में 30 बेड की व्यवस्था की है। जहां उपचार हो रहा है। वर्तमान में अस्पताल में मात्र 5-7 और बेड ही खाली हैं। बिस्तरों की संख्या कम होने से मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। मेटरनिटी वार्ड में वैसे तो औसतन 6 से 8 डिलवरी होती हैं। लेकिन विगत दो दिनों से प्रसव के लिए आने वाली प्रसूताओं की संख्या 30 से ऊपर हो गई है। इस तरह मेडिकल कालेज में एकाएक प्रसुताओं की संख्या बढ़ जाने की वजह से इन दिनों बिस्तर की कमी हो गई है। फलस्वरूप यहां आने वाले प्रसुताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेडिकल कालेज प्रबंधन कोरोना काल में बनाए गए इमरजेंसी वार्ड में प्रसुताओं के लिए व्यवस्था कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज बनने के बाद से यहां सामान्य मरीजों के साथ ही प्रसुताओं की संख्या इजाफा हुआ हैं। यहां महासमुंद जिले के अलावा गरियाबंद, रायपुर,बलोदाबाजार की महिलाएं प्रसव के लिए आती हैं।