महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिंदी विभाग में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.अनुसुईया अग्रवाल डीलिट् के मार्गदर्शन में विषय आधारित प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता आगामी सेमेस्टर परीक्षा की तैयारी के मद्देनजर आयोजित था।
इस अवसर पर एमए हिंदी प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के समस्त छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। दोनों सेमेस्टर के चारों प्रश्नपत्रों से चार-चार राउंड में सवाल पूछे गए। प्रथम एवं तृतीय दोनों सेमेस्टर को पांच पांच ग्रुप में बांटा गया था। जिसमें दो-दो ग्रुप को क्रमश: प्रथम एवं द्वितीय स्थान दिया गया। प्रथम सेमेस्टर से मनोरमा ग्रुप को प्रथम स्थान तथा द्वितीय स्थान मनीष ग्रुप को प्राप्त हुआ। इसी तरह तृतीय सेमेस्टर से भुनेश्वरी ग्रुप को प्रथम तथा द्वितीय रिंकी ग्रुप को प्राप्त हुआ। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. दुर्गावती भारती के निर्देशन में यह प्रतियोगिता आयोजित हुई।
मालूम हो कि हिंदी विभाग द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वर्ष भर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। सहायक प्राध्यापक सीमारानी प्रधान तथा सहायक प्राध्यापक जनभागीदारी डॉ. अन्नपूर्णा देवांगन ने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।