महासमुन्द

जीत-जुलूस के बाद देर रात रायपुर रवाना हुए भाजपा के नव निर्वाचित विधायक
04-Dec-2023 2:45 PM
जीत-जुलूस के बाद देर रात रायपुर रवाना  हुए भाजपा के नव निर्वाचित विधायक

दो सीटें जीतकर भी खुशियां नहीं मना सके कांग्रेसी

 विजयी घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा की मतगणना स्थल से विजय जुलूस निकली

फाइनल राउंड का इंतजार किए बगैर ही कांग्रेस का कैंप खाली होने लगा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 दिसंबर। विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा प्रत्याशियों को देर रात रायपुर राजधानी बुला लिया गया है। महासमुंद से योगेश्वर राजू सिन्हा और बसना से संपत अग्रवाल दोनों ही देर रात रायपुर रवाना हुए हैं। इसके ठीक विपरीत जिले से निर्वाचित दो कांग्रेसी विधायक जीत के बाद भी खुशियां नहीं मना सके हैं। हालांकि चातुरी नंद और द्वारिकाधीश यादन अपने समर्थकों के साथ प्रमाण पत्र लेने मतगणना स्थल पहुंचे थे, लेकिन उनके चेहरे से रौनक गायब थी।

विधानसभा चुनाव 2023 में जैसे ही राजू सिन्हा को बढ़त शुरू हुई, मतगणना स्थल पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने जय श्री राम के नारे लगाना शुरू कर दिए और मतगणना स्थल के बाद पटाखों की लड़ी लगा दी गई। देर तक आतिसबाजी होती रही। विजयी घोषित होने के बाद कल शाम ही भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा की मतगणना स्थल से विजय जुलूस निकली। यह जुलूस शहर की गलियों में होकर रात तक गुजरती रही। इस दौरान कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों ने उनका जगह-जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया।

कल जैसे ही भाजपा के विजयी होने की घोषणा हुई, महासमुंद शहर भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी पटाखे चलाकर व मिठाई बांटकर खुशियां बांटी। शाम साढ़े 5 बजे पिटियार मंडी मतगणना स्थल से निकली जुलूस में कार्यकर्ताओं से घिरे श्री सिन्हा पैदल मार्च करते हुए शहर की ओर बढ़े। इस बीच नगर के नेहरू चौक में लगभग 20 मिनट तक आतिशबाजी होती रही। इस दौरान यहां सडक़ें कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अटी रही।

कल दिन भर की बात करें तो चुनाव परिणाम के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस कार्यालय में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। शाम को भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा लेकिन कांग्रेस भवन में महज कुछ ही कार्यकर्ता व पदाधिकारी नजर आए। कृषि उपज मंडी में कल सुबह से कड़ी सुरक्षा व चौकस व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। प्रारंभ में डाक मतपत्रों की गणना तथा बाद में कंट्रोल यूनिट से गणना शुरू की गई।

महासमुंद सीट पर सिरपुर, पटेवा, झलप की गणना शुरू होते ही कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर ने 11 वें राउंड तक लगातार बढ़त बनाए रखा। स्थिति देखकर कांग्रेस जन उत्साहित दिखे। लेकिन तुमगांव और महासमुंद शहर समेत आसपास की गिनती शुरू होने के बाद बढ़त घटने को आशंकित भी थे। जबकि भाजपा जन जानते थे कि आगे बूथों में भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा को बढ़त मिलेगी। हुआ भी यही। 12 वें राउंड से श्री सिन्हा ने बढ़त बनाना शुरू की और अंत तक बढ़त बनाए रखा।

मतगणना स्थल में स्थिति देखकर फाइनल राउंड का इंतजार किए बगैर ही कांग्रेस का कैंप खाली होने लगा। जबकि भाजपा कैंप में हर-हर महादेव, जय श्री राम के नारे लगने लगे। अठारहवें और अंतिम राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी श्री सिन्हा को 84 हजार 594 तथा कांग्रेस प्रत्याशी डा. रश्मि चंद्राकर को 68 हजार 442 वोट मिले। दोनों के जीत का अंतर 16 हजार 152 रहा।

महासमुंद में कांग्रेस विधायक विनोद चंद्राकर की टिकट काटकर पार्टी ने नया चेहरा रश्मि चंद्राकर को टिकट दिया था। मतगणना के दौरान महासमुंद के मतदान केंद्र क्रमांक 203 की कंट्रोल यूनिट में तकनीकी समस्या आने के कारण कुछ देर के लिए काम बाधित रहा। अंत में विशेष परिस्थिति के चलते आब्जर्वर की उपस्थिति में वीवीपैट मशीन के जरिये पर्चियों को निकालकर मतों की गणना प्रत्याशियों की सहमति से की गई।

इसी तरह खल्लारी विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी वर्तमान विधायक द्वारिकाधीश यादव ने भाजपा प्रत्याशी अलका चंद्राकर पर शुरू से बढ़त बनाए रखा। सिर्फ  तीसरे राउंड में मात्र 230 मतों से श्रीमती चंद्राकर आगे रहीं। उसके बाद सभी 20 राउंड में श्री यादव ने लगातार बढ़त बनाये रखा और अंत तक उनकी बढ़त 37 हजार 119 तक जा पहुंची। श्री यादव को 1 लाख 04 हजार 052 तथा श्रीमती अल्का चंद्राकर को 66 हजार 933 मत मिले। जीत का अंतर 37 हजार 119 रहा। यहां भी भाजपा ने नये चेहरे पर भरोसा किया था।

विधानसभा बसना में भाजपा प्रत्याशी सम्पत अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह पर प्रारंभ से ही बढ़त बनाए रखा था। इसे देखते हुए दोपहर बाद ही बसना के अधिंकाश कांग्रेस जन मतगणना स्थल से बाहर निकल गए। जबकि भाजपा जनों में उत्साह बना रहा। अंतिम और 21 वें राउंड की गणना के बाद श्री अग्रवाल को 1 लाख 08 हजार 871 तथा कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह को 72 हजार 078 वोट मिल चुके थे। जीत का अंतर यहां 36 हजार 793 रहा।

महासमुंद जिले के सरायपाली विधानसभा में कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद ने बगावत कर जकांछ जे की टिकट लेकर मैदान में उतरे थे। इससे कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी नंद की मुश्किलें बढऩे और भाजपा प्रत्याशी सरला कोसरिया को इसका भरपूर लाभ मिलने के कयास लगाए जा रहे थे। क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में किस्मत लाल नंद ने 52 हजार 288 मतों से जीत हासिल की थी। यहां गाड़ा वोट निर्णायक माने जाते हैं। जकांछ प्रत्याशी श्री नंद और कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी नंद दोनों इसी गाड़ा समाज से आते हैं। चातुरी नंद ने पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी पर बढ़त बनाए रखी थी। बीच के दो-एक राउंड में जरूर भाजपा प्रत्याशी सरला कोसरिया को कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी से ज्यादा मत मिले। लेकिन उसके बाद वह पीछे चलती रहीं। अंत तक चातुरी नंद ने बढ़त बनाए रखा। 21 वें और अंतिम राउंड के बाद कांग्रेस

प्रत्याशी चातुरी नंद को 1 लाख 00503 तथा भाजपा प्रत्याशी सरला कोसरिया को 58 हजार 615 मत मिले। जीत का अंतर 41 हजार 888 का रहा। जिले में जीत का यह आंकड़ा सर्वाधिक रहा।

इस तरह प्रदेश में चली भाजपा सरकार बनने की बयार में कांग्रेस की महासमुंद जिले की 2 सीटें बसना और महासमुंद उखड़ गईं। जबकि खल्लारी और सरायपाली सीट को कांग्रेस प्रत्याशी प्रचंड मतों से जीतकर बचाने में कामयाब हो गए हैं। महासमुंद में भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा ने कांग्रेस प्रत्याशी डा. रश्मि चंद्राकर को 16 हजार 152, खल्लारी में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारिकाधीश यादव ने भाजपा प्रत्याशी अलका चंद्राकर को 37 हजार 119, बसना में भाजपा प्रत्याशी सम्पत अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह को 36 हजार 793 और सरायपाली में कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी नंद ने भाजपा प्रत्याशी सरला कोसरिया को 41 हजार 888 मतों से हराकर जीत दर्ज की है।


अन्य पोस्ट