महासमुन्द

यह जीत प्रधानमंत्री के अखंड भारत की संकल्पना का परिणाम-त्रिलोचन
04-Dec-2023 2:42 PM
यह जीत प्रधानमंत्री के अखंड भारत की संकल्पना का परिणाम-त्रिलोचन

महासमुंद, 4 दिसंबर। सरायपाली में कांग्रेस प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल ने कहा कि कल का चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री श्री मोदी के अखंड भारत की संकल्पना का परिणाम है। जनता ने प्रदेश में भ्रष्टाचार की सरकार को नकारा है और विकास के मार्ग को चुनते हुए भाजपा के प्रति अपना विश्वास जताया है।

वहीं भाजपा जिला मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के कुशल नेतृत्व का ही यह परिणाम है कि आज प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा का परचम लहरा रहा है। उन्होंने कल की जीत को भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता की जीत बताया है। भले ही सरायपाली विधानसभा से उन्हें हार मिली है, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है, जो सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने के लिए काफी है।

जनता के प्यार से मिली है जीत - चातुरी

 

महासमुंद, 4 दिसंबर। सरायपाली की नवनिर्वाचित विधायक कांग्रेस की चातुरी नंद ने अपनी जीत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि यह सरायपाली की जनता का प्यार है, जो मुझे इस रूप में देखना चाहते हैं।

उन्होंने इसके लिए सरायपाली की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ता व यहां की महिलाओं का आभार माना है। उनका कहना है कि सरायपाली इलाके की महिलाओं ने दिन रात मेहनत कर मेरा साथ दिया है। चातुरी नंद का कहना है कि विधायक बनी हूं अब मैं अपने क्षेत्र में सर्वप्रथम मूलभूत आवश्यकताओं बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा पर विशेष ध्यान दूंगी।  भूपेश सरकार की योजनाएं इस इलाके तक नहीं पहुंच पाई थीं। अब मैं उन योजनाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगी।

भूपेश सरकार की योजनाओं पर विश्वास-अमृत पटेल

महासमुंद,4 दिसंबर। सरायपाली के नगर पालिका अध्यक्ष अमृत पटेल का कहना है कि इस जीत के रूप में जनता ने चातुरी नंद को अपना आशीर्वाद दिया है। यहां मुझे जो जिम्मेदारी दी गई थी, उस पर मैंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से अमल किया। यही वजह है कि सरायपाली में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बारे में इनका कहना है कि जनता का फैसला शिरोधार्य है। कांग्रेस से कहां चूक हुई है, इसके लिए प्रदेश स्तर पर मंथन करने की जरूरत है।

इस बार गुरू तो गुरू ही रह गए, चेले ने बाजी मार ली

महासमुंद,4 दिसंबर। विधानसभा चुनाव 2023 में महासमुंद जिले में एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। वह जानकारी यह है कि सरायपाली राजपरिवार के संपर्क में वर्षों से रहते आए खल्लारी के द्वारिकाधीश यादव दूसरी बार प्रचंड मतों से जीतकर आए है। कांग्रेस प्रत्याशी द्वारिकाधीश यादव इस बार फिर विधानसभा में पहुंच गए हैं। लेकिन उनके राजनीतिक गुरू देवेंद्र बहादुर सिंह इस बार बसना से हार गए हैं और विधानसभा नहीं पहुंच पाएंगे। जबकि साल 2018 के चुनाव में गुरु और शिष्य दोनों क्रमश: बसना और खल्लारी से भारी मतों से जीतकर विधानसभा में पहुंचे थे। लोग कहावत कह रहे हैं कि इस बार गुरू तो गुरू ही रह गए, चेले ने बाजी मार ली।

कांग्रेस सरकार से जनता परेशान थी-रुपकुमारी

महासमुंद, 4 दिसंबर। जिला भाजपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 20 साल बाद जिला मुख्यालय महासमुंद सीट पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों पर जनता की मुहर है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती चौधरी ने कहा कि जनता कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार से तंग आ गई थी। महिलाएं परेशान थीं। रेडी टू ईट का काम महिलाओं से छीन लिया गया था। पीएससी घोटाला, सट्टा घोटाला, पीएम आवास रोकने जैसे अनेक कारणों से प्रदेश की जनता परेशान हो गई थी। उन्होंने कहा कि खल्लारी और सरायपाली में किस चीज की कमी रह गई, इसकी समीक्षा बैठक में करेंगे।

जनता ने भाजपा के काम पर लगाई मुहर-राजू

महासमुंद,4 दिसंबर। महासमुंद से विजयी भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपनी जीत का श्रेय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि जनता ने भाजपा के कामकाज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर मुहर लगाई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो मुझ जैसे छोटे से कार्यकर्ता और नए चेहरे पर भरोसा कर आगे बढऩे का मौका देती है। उन्होंने इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि वे जनता और पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की भरसक कोशिश करेंगे। साथ ही महासमुंद शहर समेत पूरे विधानसभा क्षेत्र की हर छोटी.बड़ी समस्याओं को हल कर क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए जुटेंगे।

बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बड़ी जीत -द्वारिकाधीश

महासमुंद,4 दिसंबर। खल्लारी से लगातार दूसरी बार विधायक चुनकर आए कांग्रेस प्रत्याशी द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के काम पर जनता ने जीत की मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत प्रदेश के पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए श्री यादव ने कहा कि यह गांव-गांव के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत है। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा अनेक विधानसभा क्षेत्रों में जनता को गुमराह करने में एक बार फिर कामयाब हुई है। कांग्रेस सरकार आती तो किसान कर्ज मुक्त होते, बिजली बिल नहीं पटाना पड़ता, केजी से पीजी तक बगैर फीस पटाये बच्चों की पढ़ाई होती।

जनता का हर आदेश शिरोधार्य होगा-संपत

महासमुंद,4 दिसंबर। जीत के बाद छत्तीसगढ़ से बात करते हुए बसना के नवनिर्वाचित विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि पहले ही आम लोगों के दुख सुख में भागीदार रहा हूं। अब मौका मिला है तो यही कोशिश जारी रखूंगा। मैं चौबीसों घंटे अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा रहूंगा। हर परिस्थिति का साथ मिलकर मुकाबला करेंगे। मुझे विधायक बनाने वाली जनता का हर आदेश शिरोधार्य होगा।


अन्य पोस्ट