महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 दिसंबर। नगर के शीतला मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो ताले तोडक़र चोरी की। पुलिस इस घटना की सूचना के तत्काल बाद दल बल के साथ घटनास्थल शीतला मंदिर पहुंची। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोर की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
शीतला समाज के अध्यक्ष प्रेम सिन्हा के अनुसार चोरों ने माता का छत्र, मुकुट सहित करीब 10 हजार कीमत का सामान एवं नगद पार कर दिया। इसके पूर्व 16 नवम्बर को थाना परिसर स्थित थानेश्वर महादेव में भी चोरों ने ताला तोडक़र दानपेटी से 15 हजार से अधिक की चढ़ोत्तरी पर हाथ साफ किया था।
शुक्रवार की रात नगर के पुरानी बस्ती पारा में स्थित पुरातन शीतला मंदिर में चोरों ने धावा बोला। मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री सिन्हा ने बताया कि चोर मंदिर के पीछे से अंदर घुसे। पहले मंदिर के अंदर चैनल गेट में लगे ताले को एक छड़ से तोड़ा एवं इसके बाद गर्भ गृह के मजबूत दरवाजे में लगे ताले को भी उसी छड़ से तोड़ कर माता की मूर्ति के ऊपर लगे चांदी के छत्र, मुकुट,नथ एवं कांसे का एक घण्टा, आरती की 2 थाली ,त्रिशूल, लोटा एक तलवार सहित चढ़ावे के करीब हजार रुपये ले भागे।
नगर एवं क्षेत्र में लगातार एक के बाद एक हो रही चोरियां पुलिस के लिए चुनौती बन गयी है। पुलिस अब तक एक भी आरोपी का सुराग तक नहीं लगा पाई है। जिससे क्षेत्र वासियों में अपने जानमाल को लेकर चिंता बढ़ गयी है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ज्ञात हो कि विगत 16 नवम्बर को भी पिथौरा थाना परिसर में स्थित थानेश्वर महादेव में भी चोरों ने दानपेटी पर हाथसाफ करते हुए करीब 15 हजार से अधिक की चोरी कर ली थी।
