महासमुन्द
बुजुर्ग, बीमार व दिव्यांग उपभोक्ताओं के घर ही एजेंसी के कर्मचारी पहुंचकर ई-केवाईसी कराएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर। रसोई गैस उपभोक्ताओं को इस बार फिर अपने कनेक्शन को लेकर ई-केवाईसी कराना होगा। फर्जी गैस कनेक्शन को रोकने के लिए ऑयल कंपनियां ई-केवाईसी करा रही है। कुछ एजेंसियों में काम शुरू हो चुका है।
इस संबंध में महासमुंद के खाद्य अधिकारी अजय यादव का कहना है कि एजेंसी संचालकों द्वारा ई-केवायसी कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर काम शुरू हो गया है। कुछ एजेंसियों में 5 दिसंबर से काम शुरू होगा। फिलहाल विभाग को लिखित आदेश नहीं मिला है। हो सकता है आचार संहिता समाप्त होने के बाद मिले।
मिली जानकारी के मुताबिक जिले में18 गैस एजेंसियां संचालित है। घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2 लाख 70 हजार है। सभी को ई-केवाईसी कराना होगा। अन्यथा सब्सिडी मिलना बंद हो जाएगा। कहा जा रहा है कि इससे फर्जी तरीके से कनेक्शन लेने वाले भी बेनकाब हो जाएंगे। एक से अधिक कनेक्शन रखने वालों के अतिरिक्त कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं। जिले की कुछ एजेंसियों को छोड़ अधिकांश में ई- केवाईसी का काम शुरू हो गया है। मालूम हो कि विदित हो कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को वर्तमान में मामूली सब्सिडी मिल रही। लेकिन विधानसभा चुनावों में कई पार्टियों द्वारा सब्सिडी बढ़ाकर 500 रुपए तक करने की घोषणा की है। सब्सिडी का लाभ कोई फर्जी तरीके से न उठाएं। इसलिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। भारत पेट्रोलियम मंत्रालय ने कंपनियों को सभी गैस उपभोक्ताओं का ई.केवाईसी कराने का आदेश जारी किया है।
आदेश मिलने के साथ ही गैस एजेंसियों इस कार्य में जुट गई है। हालांकि आचार संहिता की वजह से इस काम ने गति नहीं पकड़ा है। लेकिन मतगणना के बाद से कार्य द्रुत गति से चलेगा। रसोई गैस हर किसी की जरुरत है और ई-केवाईसी नहीं कराने वालों का कनेक्शन निर्धारित तिथि के बाद बंद हो सकता है।
ई-केवाईसी का उपभोक्ताओं से कोई चार्ज नहीं वसूला जाना है। इससे एजेंसी संचालकों का काम बढ़ गया है। महासमुंद जिले में कुल गैस एजेंसी की संख्या 16, कुल कनेक्शन 270553, कामर्शियल 1161, सामान्य कनेक्शन 7219, उज्जवला कनेक्शन 197201 है। इन सभी के केवायसी के लिए महज 1 माह का ही समय एजेंसी संचालकों को दिया गया है। जबकि उपभोक्ताओं की संख्या डेढ़ लाख से अधिक है। वर्तमान स्थिति में सामान्य हितग्राहियों को प्रति नग एलपीजी सिलेंडर पर 67 रुपए सब्सिडी मिल रही है। वहींं उज्जवला योजना के हितग्राहियों के सब्सिडी राशि 267 रुपए प्रदान की जा रही है। जिले में कुल उपभोक्ता 2 लाख 70 हजार से अधिक है। इनमें एक लाख 97 हजार 201 उज्जवला उपभोक्ता है।
उपभोक्ता गैस कार्ड, बैंक पासबुक व आधार कार्ड के साथ एजेंसी कार्यालय पहुंच कर ई.केवाईसी करा सकते हंै। सिर्फ बुजुर्ग, बीमार व दिव्यांग उपभोक्ताओं के घर ही एजेंसी के कर्मचारी पहुंचकर ई. केवाईसी कराएंगे। इसमें उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक प्रणाली के तहत अंगूठे निशान लगाना होगा। कई उपभोक्ता ऐसे हंैं,जो बाहर चले गए हैं और उनके परिजन उनके गैस कनेक्शन का उपयोग कर रहे हंै।
वहीं नौकरी पेशा लोग जो कुछ समय के लिए आते हैं वे अपने परिचितों का गैस कनेक्शन लेकर उपयोग करते हैं। कुछ ने एक से अधिक कनेक्शन ले रखा है। कुछ ने कार्ड गुमा दिया तो कुछ ई-केवाईसी के लिए एजेंसी जाना नहीं चाहते। ऐसे उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी की अनिवार्यत: का निर्णय परेशान करने वाला लग रहा है।