महासमुन्द
महासमुंद, 2 दिसंबर। चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतगणना 3 दिसंबर को सुबह शुरू होगी। महासमुंद जिले की चारों विधानसभा सीटों की मतगणना की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतगणना स्थल कृषि उपज मंडी पिटियाझर के चारों ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
जिले भर का अमला इसकी तैयारी में जुटा हुआ है। जिला मुख्यालय के पत्रकारों ने भी कल शाम मतगणना स्थल का अवलोकन कर तैयारी देखी। कल ही मतगणना का पूर्वाभ्यास भी हुआ।
मुख्य मार्ग पर मंडी के मुख्य द्वार के पहले ही बेरिकेटिंग कर आने-जाने के लिए थोड़ा रास्ता रखा गया है। जहां मतगणना के दिन बल तैनात रहेगा। यहां से पासधारी ही आगे बढ़ सकेंगे। थोड़ा आगे जाकर दाहिनी ओर मुख्य प्रवेश द्वार पर बल तैनात है। यहां से पासधारी ही जरूरी जांच के बाद प्रवेश कर सकेंगे। भीतर जाते ही बाईं ओर फिर पुलिस रजिस्टर में नाम दर्ज कर हस्ताक्षर करना होगा। जबकि दाहिनी ओर किचन बनाया गया है। सामने की ओर बड़े-बड़े सशस्त्र बल और पुलिस का पहरा रहेगा। जहां से बिना पास और जांच के बगैर कोई भी भीतर नहीं जा सकेगा।
मंडी परिसर में अनाज गोदामों के सामने सशस्त्र बल के जवानों का पहरा है। इन अलग-अलग गोदामों स्ट्रांग रूम में चारों विधानसभा क्षेत्रों की सीलबंद ईव्हीएम रखी हुई है। बेरिकेडिंग के कारण कोई भी आगे नहीं बढ़ सकता। दाहिनी ओर मंडी का अपना प्रशासनिक भवन है और बाईं ओर मीडिया सेंटर व उद्घोषणा कक्ष अगल-बगल में है।
परिसर के बाईं ओर के पहले गोदाम में महासमुंद, खल्लारी तथा दाहिनी ओर के दो गोदामों में सरायपाली और बसना की मतगणना होनी है। दाएं और बाएं 4 गोदामों के बीच बड़ी सी खाली जगह पर बेरिकेडिंग कर 4 गलियां बनाई गई हैं। जो सीधे स्ट्रांग रूम को मतगणना हाल से जोड़ती है। स्ट्रांग से लाई जाने वाली कंट्रोल यूनिटों को इसी गली से मतगणना कक्ष तक पहुंचाया जाएगा। चारों विधानसभा के लिए अलग-अलग हैं। मतगणना कक्ष में कंट्रोल यूनिट सभी 14 टेबलों पर लाई जाएगी। तदुपरांत मतगणना शुरू होगी।
मतगणना हॉल के भीतर सिर्फ रिटर्निंग अफसर, उनके सहायक व बाकी के स्टाफ रहेंगे। हॉल के भीतर मतगणना टीम जाली और बांस-बल्लियों से घिरे कक्ष में अपना काम करेगी। जबकि दूसरी ओर प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ता और उनके सहायक रहेंगे। चारों मतगणना हॉल में प्रवेश के लिए राजनीतिक दलों के लगे, मीडिया, पुलिस कर्मी आदि को मीडिया सेंटर के बगल से जाना होगा। बसना व सरायपाली वाले महासमुंद, खल्लारी का मतगणना हॉल पार कर वहां तक पहुंच सकेंगे। चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतगणना 3 दिसंबर को सुबह शुरू होगी। मतगणना पश्चात ईवीएम मशीनों की सीलिंग का काम होगा।