महासमुन्द
महासमुंद, 2 दिसंबर। शहर में आये दिन हो रही दुर्घटनाओं और अव्यवस्थित यातायात के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार है। शहर की कमजोर यातायात व्यवस्था ही हाल ही में राव दंपत्ति की मौत का कारण बना। प्रशासन अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अब फुटपाथ व्यवसायियों को परेशान कर रही है। उक्त बातें पूर्व पार्षद पंकज साहू ने कल प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
श्री साहू ने कहा कि गत दिनों ज्ञापन में दुर्घटनाओं के कारण और उपाय दोनों की ओर ध्यान आकृष्ट किया गया। जिसमें नगर के चौक.चौराहों में ट्रैफि क पुलिस की व्यवस्था नहीं होने, सिग्नल के आए दिन बंद होने, सिग्नल पर टाईमर नहीं होने एवं नगर के डिवाइडरों के विद्युत पोलों में होर्डिंग विज्ञापन होने का जिक्र किया।
उनका कहना है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मांग किया गया है कि सभी चौक चौराहों में ट्रैफिक पुलिस की कड़ी व्यवस्था हो और गति सीमा निर्धारित करने के साथ सुबह 6 से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों का नगर प्रवेश वर्जित हो। इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने वाले एवं स्टंट बाइकर्स पर कड़ी कार्रवाई हो। इसी तरह डिवाइडरों के विद्युत पोलों में होर्डिंग्स विज्ञापन प्रतिबंधित हो अन्यथा आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
उनका कहना है कि 7 जून 2023 को कांग्रेस नेता सुरेश द्विवेदी का निधन भी विद्युत पोलों में लगे विज्ञापन का नतीजा है। नेहरू चौक पर शासकीय स्कूल की भृत्यु कमला बाई का निधन भी सिग्नल टाईमर नहीं होने का और राव दंपत्ति का निधन भी सिग्नल बंद होने का नतीजा है।
श्री साहू ने कहा कि नगर में 2011 से बाईपास रोड निर्माण की गति कछुआ चाल में चल रही है। जिसके लिए वर्ष 2010 से 2023 तक रहे क्षेत्रीय सांसद व विधायक मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। उन्हें जनता की नहीं सिर्फ अपनी व अपने परिवार की चिंता रही है। ऐसे ही घटनाओं के घटित होने पर यहां पालिका प्रशासन द्वारा गरीब फुटपाथ व्यवसायियों पर नियम विरूद्ध कार्रवाई कर जुर्माना वसूल कर रही है।
