महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 दिसंबर। बसना क्षेत्र के ग्राम गुढिय़ारी में रास पूर्णिमा महोत्सव के अंतिम दिन दीप दान का कार्यक्रम हुआ। जिसके मुख्य अतिथि राजपरिवार के यशवेन्द्र बहादुर सिंह थे। अध्यक्षता सरपंच सुशील दीवान ने की। विशिष्ट अतिथि विजय कुमार साहू, घुराऊ नायक, टिकेश्वर पटेल, कमलेश अग्रवाल, सीडी बघेल, रविशंकर कश्यप, सीएल बाघ, रसिक कुमार साहू, श्याम पटेल, सफे सिंह बाघ, भागीरथी दास, तपन कुमार भोई थे।
मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि ग्रामवासियों ने एक साथ मिलकर क्षेत्र की सुखसमृद्धि के लिए श्रीकृष्ण की 5 दिनों तक पूजा-अर्चना की। पूर्णिमा के दिन वर्ष के 365 दिनों की उजियारा एवं खुशहाली के लिए 365 दीपों का दान किया, जो अपने आप में अनूठा है। जिस संकल्प और उद्देश्यों को लेकर ग्रामीण वर्षों से महोत्सव करते आ रहे हैं। गांव की एकता सामाजिक सद्भावना के साथ विकास हो रहा है।
युवराज श्री सिंह ने कहा कि गुढिय़ारी दीप दान की पहचान पूरे फुलझर अंचल में है। अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रमुख सुशील दीवान ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।