महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 नवंबर। जानलेवा हमले के मामले में द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय ने 20 वर्षीय आदित्य उर्फ आदि राजपूत को धारा 307 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास व 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। अर्थदंड नहीं पटाने पर 3 माह का सश्रम कारावास अतिरिक्त भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार महासमुंद थाना क्षेत्र के गंजपारा निवासी पंकज ठाकुर 29 सितंबर 22 की रात्रि लगभग 12 बजे चंडी मंदिर जाने के लिए निकला था। रास्ते में पीपल पेड़ के पास अभियुक्त आदित्य उर्फ आदि राजपूत बैठे मिला। उसने पंकज ठाकुर को मंदिर जाने से यह कहते हुए मना किया कि उसकी मां वहां बैठी है। इस पर पंकज ठाकुर और आदित्य राजपूत देवार डेरा से लगी दुकान में सिगरेट खरीदने गए। जब वे वहां से वापस आ रहे थे, तभी आदित्य राजपूत ने पंकज की हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार लोहे के चाकू से उसके सिर,सीना, गला, हाथ, पैर एवं अन्य जगहों पर वार किया। जिससे पंकज लहूलुहान हो गया।
पंकज के चिल्लाने पर उसके दोस्त सत्यम और सुमित आ गए। जिस पर अभियुक्त भाग खड़ा हुआ। इसके बाद घायल पंकज ठाकुर को उसके चाचा पुरूषोत्तम ठाकुर के घर के पास ले गए और घटना की जानकारी दी। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से रायपुर रिफर किया गया। अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक भूपेंद्र ठाकुर ने पैरवी की।