महासमुन्द
महासमुंद, 30 नवंबर। महासमुंद जिला मुख्यालय महासमुंद में मतगणना वेरिफिकेशन के लिए इस दफे 5 वीवीपेट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। कंट्रोल यूनिट में दर्शित कुल वोटों की संख्या और वीवीपैट मशीन से मिली कुल पर्चियों की संख्या समान होने पर इस बात का सत्यापन हो जाएगा कि सब ठीक है। एक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के सत्यापन के लिए 5 वीवीपेट मशीनों का उपयोग होगा। पूर्व में 1 वीवीपेट मशीन से सत्यापन की व्यवस्था थी। मालूम हो कि वीवीपेट वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिटट्रेल मशीन स्वतंत्र सत्यापन प्रणाली है। यह मशीन ईव्हीएम से संलग्न रहती है और वोट डालते ही इस मशीन के भीतर एक पर्ची पावती निकालती है। मशीन में दर्शित कुल मतदानदिखती है। इसमें सारी पर्चियां भीतर स्टोर हो जाती है। जितने वोट पड़ते हैं, उतनी पर्चियां मशीन के भीतर एकत्र हो जाती है।
अत: सील की जांच कर वीवीपेट को खोला जाएगा। भाग 1 से मिलान किया जाएगा और ईव्हीएम में पड़े कुल वोटों की संख्या और वीवीपेट मशीन के भीतर से मिली पर्चियों की संख्या समान होने का मतलब किसी तरह की गड़बड़ का नहीं होना है। एक विधान सभा क्षेत्र की मतगणना के सत्यापन के लिए उस विधानसभा क्षेत्र की मशीनों में से किसी भी 5 वीवीपेट मशीन को चुना जाएगा।
इसी तरह प्रत्येक राउंड की समाप्ति पर रेंडम आधार पर 2 कंट्रोल यूनिट की जांच मतगणना प्रेक्षक के समक्ष होगी। कृषि उपज मंडी में मतगणना की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 3 दिसंबर को सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू होगी। चारों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए अलग-अलग हाल में व्यवस्था की गई है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना होगी। तत्पश्चात रिटर्निंग अफसर ईव्हीएम के वोटों की गिनती शुरू करने की घोषणा करेंगे। महासमुंद में 246, खल्लारी में 277, बसना में 286 तथा सरायपाली में 270 इस तरह जिले में कुल 1079 मतदान केंद्र हैं।