महासमुन्द

आत्मानंद स्कूल की छात्राओं का प्रोजेक्ट भारत के टॉप-30 शीप्रेन्योर प्रोजेक्ट में शामिल
29-Nov-2023 2:49 PM
 आत्मानंद स्कूल की छात्राओं का प्रोजेक्ट भारत  के टॉप-30 शीप्रेन्योर प्रोजेक्ट में शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 29 नवंबर।
सेजेस बसना के छात्राओं द्वारा बनाया गया प्रोजेक्ट भारत के टॉप-30 शीप्रेन्योर प्रोजेक्ट में शामिल हो गया है। नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन तथा डेल टेक्नोलॉजी कंपनी द्वारा प्रोजेक्ट में आवश्यक तकनीकी सुधार और इसके मार्केटिंग के गुर सिखाने के लिए पूरी टीम को 4 जनवरी से 9 जनवरी 2024 तक बेंगलुरु बुलाया गया है। 

बेंगलुरु में स्टूडेंट इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत छात्राओं को टेक्नीशियन तथा मार्केटिंग गुरुओं द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। पिछले दिनों एटीएल मैराथन 2022-23 के परिणाम की घोषणा नीति आयोग तथा अटल इनोवाशन मिशन द्वारा की गई थी। जिसमें देश भर के 12 हजार प्रोजेक्ट में से 400 टॉप इनोवेशन प्रोजेक्ट का चयन किया गया था। इसमें छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के एटीएल लैब स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बसना का यह प्रोजेक्ट भी शामिल था। 

इस प्रोजेक्ट को एटीएल लैब इंचार्ज अजय कुमार भोई के मार्गदर्शन में नेक्स्ट इनोवेशन साइंस ग्रुप की छात्राओं सानिया दानी कक्षा 12वीं एवं वैतला साई प्रसन्ना कक्षा 12वीं द्वारा बनाया गया था। जिसमें तकनीकी सहयोग एफएसटीआई के ट्रेनर अभिनय तथा स्कूल के ही छात्र शुभ राजपूत कक्षा 12वीं एवं मोहनीश ठाकुर कक्षा 11वीं का रहा। पिछले एक महीने से 400 टीमों के साथ ऑनलाइन वर्कशाप इंटर्नशिप प्रोग्राम चल रहा था। जिसमें से अगले चरण के लिए टॉप 100 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट का चयन किया गया है। इनमें से टॉप 30 बालिकाओं की टीम में बसना स्कूल की टीम ने जगह बना लिया है। इन बालिकाओं की सफलता में सेजेस बसना के प्राचार्य क्षीरोद्र कुमार पुरोहित का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रशासनिक मदद और सरंक्षण दिया तथा हमेशा पूरी टीम को प्रोत्साहित करते रहे।

जानकारी मिली है कि सेजेस बसना के एटीएल लैब इंचार्ज अजय कुमार भोई के मार्गदर्शन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया जा रहा है। पिछले दिनों स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट मल्टीपरपज हायर सेकंडरी स्कूल बिलासपुर में 7 से 8 अगस्त 2023 को नीति आयोग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय एटीएल टिंकरॉथन प्रतियोगिता में भी स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ठ विद्यालय बसना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अलग-अलग थीम में क्रमश: प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य क्षीरोद्र कुमार पुरोहित, एस के पटेल इंचार्ज आदर्श उमावि बसना, स्टाफ के शिक्षकों, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जे आर डहरिया, सेजेस नोडल अधिकारी सतीश नायर, जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी आदि ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है।
 


अन्य पोस्ट