महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 नवंबर। भगवान को अहंकार प्रिय नहीं है, भगवान भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होते हैं। उक्त बातें रायपुर के महाराज आचार्य डॉक्टर यशवंत शर्मा ने शहर के पुराना रायपुर नाका में आयोजित भागवत महापुराण में कही। भागवत महापुराण में उपस्थित भक्तजनों को कृष्ण जन्मोत्सव और उनकी लीलाओं की कथा महाराज श्री वर्मा ने व्यास पीठ से श्रोताओं को बताई।
उन्होंने कहा कि भगवान को अहंकार प्रिय नहीं है, भगवान भक्त की भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होते हैं। उन्होंने भगवान कृष्ण की बाल्यकाल माखन चोरी की कथा बताई कैसे वे माखन चोरी करते थे जिससे उनका नाम माखनचोर पड़ा।
महाराज ने बताया -भगवान कृष्ण महज सात वर्ष की आयु में सात कोस के गोवर्धन पर्वत को 7 दिनों के लिए अपनी कनिष्ठका उंगली में उठाए रखा। कृष्ण लीला की कथाओं में कालिया नाग वध की कथा भक्तों को बताई। महाराज ने कहा कि यमुना नदी में कालिया नाग के निवास करने से नदी का पूरा जल विषाक्त हो गया था। जीव जंतु पशु पक्षी यमुना का जल का सेवन कर मृत हो रहे थे। भागवन ने यमुना में कालिया नाग का वध करने खेल के दौरान नदी में कूद गए और कालिया का वध कर उनका उद्धार किया। भगवान उनके फनो में नृत्य कर बाहर आए जिसे देख यमुनावासी हथप्रभ रह गए। भगवान को नाग के फनों में नृत्य करता देख उनका नाम नटवर रख दिया।
भगवान ने इस तरह से लोगों को जल की शुद्धता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया। महाराज ने कहा कि वर्तमान में हमारे नदी तालाब कुएं सभी दूषित होते जा रहे हैं और जल का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। इसलिए जल सरंक्षण करना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। क्योंकि जल है तो कल हैं।
मालूम हो कि पुराना रायपुर नाका निवासी पंडा परिवार द्वारा स्वर्गीय माता नालिनी पंडा पिता श्रीराम कृष्ण पंडा के वार्षिक श्राद्ध पर सात दिवसीय भागवत महापुराण का आयोजन किया गया है।
जहां कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में शहर के भक्तजन पहुंच रहें हैं। कृष्ण जन्मोत्सव पर पंडा परिवार द्वारा भगवान को 56 भोग का लगाया गया। कथा पश्चात उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। कथा में पंडा परिवार से भास्कर पंडा, लक्ष्मी पंडा, दिवाकर पंडा, प्रभा पंडा और सुधा पंडा सहित परिवारजन और भक्तजन उपस्थित रहे।