महासमुन्द
पत्ते व फू ल दवाई के रूप में भी उपयोगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 नवंबर। इन दिनों ग्रामीण इलाकों में गेंदे के फूल का मौसम है। शहरों में यह बहुत ही कम देखने के लिए मिलता है। गेंदे के फूल भी कई किस्मों वाले होते हैं। अभी जो फूल खिल रहा है वह शुद्ध देशी है जिसे चंदैनी गोंदा कहते हैं। यह आकार में छोटे किंतु लाल कत्थई रंग की पंखुडिय़ों वाला होता है।
गेंदे की एक और प्रजाति होती है जो देखने में एकदम पीला और काफी बड़ा होता है। यह फूल दिखने में बहुत ही सुंदर होता है और इसका सुगंध बहुत दूर तक फैलता है। यह कई रंगों में होता है। इसके पत्ते एवं फूल का प्रयोग ग्रामीण दवाई के रूप में दाद, पथरी और खुजली के लिए इस्तेमाल करते हैं। इस फूल को घर सजाने और पूजा-पाठ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। चंदैनी गोंदा का फूल आदिवासी गोंड जनजाति के लोगों के देवी-देवताओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। इस फूल के बीज को सबसे पहले बोया जाता है। फिर कुछ सप्ताह बाद पौधा निकल आता है। फिर उन पौधों को एक-एक कर अलग-अलग स्थान में लगाया जाता है। इसके एक महीने के बाद इसमें फूल खिलाना शुरू हो जाता है। इसकी पत्तियों को भी औषधि के रूप में भी प्रयोग किया जाता है।
गेंदा का फूल कई रंगों का होता है और गेंदा फूल के प्रकार भी कई तरह के होते हैं। छोटा फूल, बड़ा फूल, लाल, पीली और सफेद रंगों के। इनका नाम भी अलग-अलग होता है। जैसे चंदैनी गोंदा, चाउर गोंदा, कुमकुम गेंदा आदि।