महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। दीपावली और विधानसभा चुनाव के बाद किसान धान कटाई में जुटे हैं। सुबह से शाम तक किसान खेतों में नजर आने लगे हैं। कहीं हार्वेस्टर से कटाई की जा रही है तो कहीं मजदूर के साथ कुद भी इस कार्य में जुटे हैं। धान कटाई के बाद किसान ट्रैक्टर या गाड़ा से फसल को खलिहान तक पहुंचा रहे हैं। वहीं अर्ली वेरायटी का धान बिक्री के लिए उपार्जन केन्द्रों में पहुंच रहा है।
जिले के किसानों ने जुलाई में धान के बीज बोए थे। निदाई, गुड़ाई, रोपा-बियासी आदि के बाद अब उनकी फसल पककर पूरी तरह तैयार हो गई है। जिले में धान की फसल पकते ही किसान इसकी कटाई में जुट गए हैं। सुबह से शाम तक धान की कटाई व व्यवस्थापन में पूरा परिवार जुटे हैं।
जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम बिरकोनी, बेलसोंडा, परसकोल, सिरपुर, लाफिन कला, कोसरंगी, खट्टी सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में धान कटाई जोर पकडऩे लगी है। किसानों को इस बार अच्छा उत्पादन की उम्मीद है। हालांकि अभी मिंजाई जोर नहीं पकड़ पाई है। धान कटाई प्रारंभ होने के बाद कई बड़े किसान हार्वेस्टर से फसल कटवा रहे हैं। कई किसान मिंजाई में ट्रैक्टर के अलावा पारंपरिक रूप से इस्तेमाल होने वाले बैलगाड़ी, बेलन सहित अन्य साधनों से धान मिंजाई करने की तैयारी में जुट गए हैं।
जानकारी मिली है कि इस साल धान कटाई की मजदूरी भी बढ़ गई है। पहले जहां दिनभर की मजदूरी 180 से 200 रुपए थी वह अब बढक़र 200 से 280 रुपए तक हो गई है। हार्वेस्टर व थ्रेसर जिन खेतों में अंदर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां हाथ से ही कटाई की जा रही है। किसानों ने बताया कि पौधों के अधिक सूखने से कटाई में दिक्कतें आती है। क्षेत्र में मजदूर बमुश्किल मिल रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि 200 से 250 रुपए मजदूरी देने के बाद भी समय पर मजदूर नहीं मिल रहे हैं। किसान बताते हैं कि मजदूर शुरूआत में अपनी फसलों की कटाई कर लेते हैं। इसके बाद ही दूसरे के खेतों में मजदूरी करने जाते हैं। आगामी दिनों मजदूरी में और इजाफा होने की संभावना है।
बहुत से गांवों में धान कटाई व मिंजाई एक साथ करने के लिए कंबाइन हार्वेस्टर पंजाब, हरियाणा से पहुंच रहे हैं। जो प्रति एकड़ 2800 से 3 हजार रुपए तक लेते हैं। हार्वेस्टर से धान की कटाई व मिंजाई के बाद किसान धान को सीधे खेत से खलिहान ले जाने के बजाय खरीदी केन्द्रों में ले जाते हैं। हालांकि हार्वेस्टर से धान कटाई कराने पर पैरा खेत में ही रह जाता है। इससे मवेशियों को खिलाने पैरा नहीं मिल पाता। लेकिन इससे समय व पैसों की बचत होती है। इसके अलावा इन दिनों थ्रेसर का भी उपयोग कटाई में बढ़ गया है। थ्रेसर के लिए किसानों को 800 से एक हजार रुपए तक चुकाना पड़ रहा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में जिले के धान खरीदी केन्द्रों पर शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रगति पर है। जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में धान उपार्जन हेतु जिले के पंजीकृत एक लाख 58 हजार 739 किसानों की भूमि का रकबा 2 लाख 28 हजार 614.5506 हेक्टेयर है। कोमाखान में 18 हजार 255, पिथौरा में 32 हजार 863, बसना में 27 हजार 961, बागबाहरा में 15 हजार 666, महासमुंद में 36 हजार 901 एवं सरायपाली तहसील में 27 हजार 93 किसान पंजीकृत हैं।
नोडल अधिकारी जीएन साहू ने बताया कि बुधवार तक जिले में 26 हजार 594 किसानों से 11 लाख 75 हजार 521 क्ंिवटल धान ;256 करोड़ 82 लाख का उपार्जन किया जा चुका है।