महासमुन्द

नये खरीदी केंद्र में धान नहीं बेच पा रहे किसान, डाटा ट्रांसफ र नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
24-Nov-2023 2:57 PM
नये खरीदी केंद्र में धान नहीं बेच पा रहे किसान, डाटा ट्रांसफ र नहीं होने से बढ़ रही परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 नवंबर। धान उपार्जन केन्द्र में किसानों का डाटा ट्रांसफर्मर नहीं होने की वजह से अछोली के 483 किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों को शासकीय दफ्तरों के चक्कर लगाना पड़ रहा।  चर्चा है कि इसे लेकर अधिकारियों की ओर से सुस्त रवैया अपनाया जा रहा है।

 मिली जानकारी के मुताबिक वर्षों से अछोली के किसान धान उपार्जन केन्द्र भोरिंग में अपना धान बेच रहे थे। लेकिन इस वर्ष जिले भर में अनेक नये उपार्जन केन्द्र खोले गये हैं, जिसमें एक नया उपार्जन केन्द्र बेलटुकरी में भी खोला गया है। अब किसान अछोली में ही धान बेचने जा रहे हैं लेकिन यहां उनका धान नहीं बिक रहा है। यही स्थिति बेलटुकरी में भी हो रही है।  जानकारी मिली है कि नया उपार्जन केन्द्र में 483 किसानों का डाटा ट्रांसफर नहीं हुआ है। जिसकी वजह से किसान परेशान हैं। किसानों का धान उपार्जन केन्द्रों में खुले में पड़ा है तथा उन्हें अपने धान की रखवाली करनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू हुई है। आज की स्थिति में 23 दिन पूरे हो चुके हैं। यदि शीघ्र ही त्रुटि को नहीं सुधारा गया तो किसान समय पर धान बेचने से वंचित हो जाएंगे। अब देवउठनी के बाद से उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक बंपर हो जायेगी। इस बार विधानसभा चुनाव तथा त्यौहारों की छुट्टियों की वजह से धान खरीदी केन्द्र करीब सप्ताह भर बंद रहे। ऐसे में किसान शीघ्र धान बेचकर स्वतंत्र होना चाह रहे। लेकिन डाटा ट्रांसफर त्रुटि की वजह से किसान परेशान हैं।

जीएन साहू नोडल अधिकारी सहकारी बैंक  महासमुंद का कहना है कि डाटा ट्रांसफर में त्रुटि की वजह से ऐसा हो रहा है। इसे सुधार के लिए उच्चाधिकारियों से पत्र व्यवहार किया गया है।

शीघ्र परेशानी दूर होगी।


अन्य पोस्ट