महासमुन्द
हर्षोल्लास से मना देव उठनी एकादशी का पर्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। कल जिले में एकादशी देवउठनी का पर्व हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। इसे छोटी दीपावली के रूप में मनाया गया। कल भी दीपावली पर्व जैसा उत्साह और रौनक नजर आया। घर के आंगन और मंदिर में गन्नों का मंडप सजाया गया। शहर के राम जानकी मंदिर परिसर में आकर्षक ढंग से तुलसी देवी को सजाया गया और शालिग्राम के साथ विवाह परंपरा अनुसार संपन्न कराया। घरों और मंदिरों के चारों ओर दीपक जलाए गए। इस दिन तुलसी विवाह और पूजा के लिए सबसे श्रेष्ठ दिन माना जाता है। तुलसी के आंगन में शाम सात बजे से घरों में तुलसी विवाह का मंचन हुआ। तुलसी शालिग्राम का विवाह मंत्रों के साथ तुलसी विवाह किया गया। इसके बाद शकर कंद,गन्ना, लाई और आंवला अर्पित कर भगवान की भोग लगाया गया। पूजा-अर्चना बाद बेर, चने की भाजी, आंवला सहित मौसमी फल के साथ पकवान अर्पित किया। इस दौरान व्रत रख कर श्रद्धलुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की जिसमें अन्न का सेवन न कर केवल फलाहार ग्रहण किया। लोगों ने अपने अपने घरों में भी भगवान शालिग्राम तथा तुलसी का विवाह सम्पन कराया। कल देवउठनी के मद्देनजर शहर में जमकर गन्ने की बिक्री हुई।
आवक काम होने की वजह से इस बार प्रति नग 40 से 50 रुपए गन्ना बिका।