महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। सडक़ हादसे में दो दिन पहले एक दंपत्ति की मौत के बाद अब शहर में एक बार फिर बायपास की मांग जोरों से उठने लगी है। इसे लेकर व्यापारी वर्ग के अलावा जनप्रतिनिधियों तथा आम लोगों ने बायपास संघर्ष समिति के बेनर तले कलेक्टोरेट में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ज्ञापन सौंपा। इसके ठीक बाद भाजपा महिला मोर्चा तथा कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने बायपास को आवश्यक बताते हुए ज्ञापन सौंपा।
मिली जानकारी के अनुसार कल दोपहर 12 बजे बायपास संघर्ष समिति के बेनर तले दर्जन भर व्यापारी भी कलेक्टोरेट पहुंचे थे। जहां वे कलेक्टर से मुलाकात करने की इच्छा जाहिर करते हुए कलेक्टर को बुलाने अड़े रहे। बाद सभी कलेक्टोरेट परिसर में ही धरने पर बैठ गए। समिति के सदस्य पंकज साहू, पवन कुमार चंद्राकर, श्रेयांश चोपड़ा, गुलशन कृष्णानी ने कहा कि शहर में लगातार हादसों में इजाफा हुआ है। इससे लोग अकाल ही काल के गाल में समा रहे हैं। समिति ने मांग की है कि डिवायडरों में शहर में लगातार हो रही सडक़ दुर्घटनाओं से लोगों की जान जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 की सडक़ महासमुंद शहर के बीचों-बीच से गुजरती है। यहां लचर ट्रेफिक व्यवस्था व लापरवाही पूर्वक वाहनों को चलाने के कारण शहर के अंदर दुर्घटनाओं का अंबार लग गया है।
इसमें सुधार के लिए कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने भी कलेक्टर प्रभात मलिक एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह से भेंटकर नगर की यातायात सुरक्षा के संदर्भ में गहन विचार विमर्श किया गया। कांग्रेस कमेटी द्वारा यह मांग की गई कि नगर में सुरक्षित यातायात के संचालन के लिए शहर के बाहर रिंग रोड का निर्माण करवाई जाए तथा भारी वाहनों का सुबह 10 से एक बजे तक एवं शाम 4 से 7 बजे तक प्रवेश वर्जित किया जाए। शहर के नागरिकों ने भी यातायात को सुरक्षित कैसे बनाया जाय, इस संबंध में एक मांग पत्र सौंपा है।
शहर में हो रहे सडक़ हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू ने महिला मोर्चा पदाधिकारियों के साथ जिलाधीश प्रभात मलिक को ज्ञापन सौंपकर हादसों पर नियंत्रण लगाने कारगर कदम उठाने की मांग की है। श्रीमती साहू ने कहा है कि जनसंख्या बढऩे तथा महासमुंद में बायपास मार्ग नहीं होने से शहर के भीतर यातायात का दबाव अत्यंत बढ़ गया है। मुख्य मार्ग पर शहर के भीतर दुकानों के सामने वाहने खड़ी होने से सडक़ संकरी हो जाती है। वहीं, सुबह.शाम लोगों की अत्यधिक भीड़ रहती है। त्यौहारी सीजन के चलते नेहरू चौक से आंबेडकर चौक तक भारी भीड़ रहती है। इससे हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए घोड़ारी से लभरा तक बायपास सडक़ की नितांत आवश्यकता महसूस की जा रही है। अत: बीच सडक़ पर प्रचार-प्रसार पूर्णत: वर्जित किया जाए और छ: माह के भीतर बायपास का निर्माण शुरू किया जाए। इसके अलावा चौक-चौराहों पर बेरिकेड्स भी लगाया जाए।
शहर के लोगों का कहना है कि सडक़ में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों की जान जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 की सडक़ महासमुंद शहर के बीचो बीच से गुजरती है। यहां लचर यातायात व्यवस्था के अलावा लापरवाही पूर्वक वाहनों को चलाने के कारण शहर के अंदर दुर्घटनाओं का अंबार लग गया है। इसमें सुधार के लिए कल ही कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर प्रभात मलिक एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह से भेंट कर नगर की यातायात सुरक्षा के संदर्भ में गहन विचार विमर्श किया है। कांग्रेस कमेटी ने भी यह मांग की है कि नगर में सुरक्षित यातायात के संचालन के शहर के बाहर से रिंग रोड का निर्माण करवाया जाए तथा भारी वाहनों का सुबह 10 से एक बजे तक एवं शाम को 4 से 7 बजे तक प्रवेश वर्जित हो। जिस पर कलेक्टर मलिक एवं एसपी श्री सिंह ने शीघ्र ही सुधार करवाने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधि मंडल में शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल, पूर्व उपाध्यक्ष नगर पालिका हरबंस सिंह ढिल्लों, संयुक्त महामंत्री सोमेश दवे, पार्षद निखिलकांत साहू, पिछड़ा वर्ग महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, एल्डरमैन सुनील चंद्राकर,जावेद चौहान, शहर महामंत्री हर्षित चंद्राकर एवं सन्नी महानंद आदि शामिल हैं।