महासमुन्द

108 में प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
20-Nov-2023 3:53 PM
 108 में  प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 नवंबर। जिले की 108 संजीवनी एक्सप्रेस ने रविवार को नवजात और प्रसूता की जिंदगी बचाई है। 108 के कर्मचारियों की सूझबूझ से गर्भवती ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। दोनों अभी जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती हैं।

जानकारी के मुताबिक रविवार को सरायपाली ब्लॉक की बोंदा निवासी गर्भवती गणेशी को खून की कमी के कारण शासकीय अस्पताल सरायपाली से जिला अस्पताल महासमुंद ले जाने के लिए परिजन ने 108 को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईएमटी हीरालाल पटेल और पायलट सचिन पटेल तुरंत पहुंचे। 

जिला अस्पताल महासमुंद ले जाते समय रास्ते में झलप के पास प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति को भांपते हुए ईएमटी हीरालाल पटेल ने परिजनों से बात की। डॉक्टर की सलाह और अपनी सूझबूझ से 108 में गर्भवती का सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों कहना है कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।


अन्य पोस्ट