महासमुन्द
सीतापुर के ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 नवंबर। शुक्रवार को बसना विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। विधानसभा में भारी भरकम 83.47 फीसदी मतदान हुआ। परन्तु बसना विधानसभा मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर सीतापुर गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया, लिहाजा इस ग्राम में एक भी मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। बसना विधानसभा क्षेत्र में भारी भरकम मतदान हुआ। शाम को चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार कुल 83.47 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। क्षेत्र के लगभग सभी मतदान केंद्रों में महिला मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी गई। पिथौरा क्षेत्र के लगभग सभी मतदान केंद्रों में वयोवृद्ध मतदाताओं की उपस्थिति भी देखी गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस बार के विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक मतदान केंद्र में 2 सशस्त्र जवान लगाए गए थे, लिहाजा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
सीतापुर में शून्य मतदान, बहिष्कार
विकासखण्ड के दूरस्थ ग्राम सीतापुर के करीब 780 मतदाताओं ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार मतदान में हिस्सा नहीं लिया। ग्रामीणों के अनुसार वे विगत कई वर्षों से चनोरडीह से सीतापुर तक 5 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाने की मांग कर रहे हंै। चुनाव बहिष्कार की सूचना के बाद भी प्रशासनिक अमला सीतापुर ठीक मतदान के दिन ही पंहुचा था।
प्रशासन के उच्च अधिकारियों द्वारा सडक़ बनाने का आश्वासन भी दिया गया परन्तु ग्रामीण इस पर भी नहीं माने। कुछ ग्रामीणों के अनुसार सीतापुर ग्राम के मिट्टी वाले मार्ग के आसपास अन्य ग्रामीणों की भूमि है। जब तक भूस्वामियों से जमीन नहीं ले ली जाती, तब तक सडक़ बना पाना सम्भव नहीं है। यहां दिलचस्प बात यह है कि इस ग्राम के ग्रामीण लगातार सडक़ की मांग करते हुए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देते रहे, परन्तु प्रशासन को इसकी याद ठीक मतदान के दिन ही आई।
ईवीएम खराब, घंटे भर मतदान रुका रहा
पिथौरा नगर के शासकीय बुनियादी शाला में स्थित मतदान केंद्र क्र 20 की ईवीएम दोपहर करीब 1 बजे अचानक खराब हो गई। इसके बाद करीब 2.20 तक मशीन बदल कर मतदान प्रारम्भ करवाया गया। इस दौरान कुछ मतदाता वापस भी जाते दिखे।
समर्थकों के अपने-अपने जीत के दावे
मतदान समाप्त होते ही दोनों प्रमुख दल भाजपा एवं कांग्रेस के समर्थक अपनी अपनी जीत के दावे करते दिखे। मतदान की पूर्व रात भाजपा के कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा था, जबकि कांग्रेस खेमे से मतदान केंद्रों पर कम ही कार्यकर्ता दिखाई दिये।
इन कार्यकर्ताओं में निराशा भी दिखाई दे रही थी।