महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 नवंबर। मजदूरी की रकम के लेन-देन के मामले में हुई हत्या के अपराध के लिए द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पांडेय ने ग्राम भदरसी थाना बागबाहरा जिला महासमुंद निवासी शिव कुमार उर्फ शिवा सागर (20 वर्ष) को भादवि की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास तथा धारा 452 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास की सजा से दंडित किया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक ग्राम भदरसी में अभियुक्त का घर प्रार्थी आहत हेमसागर यादव के घर के समीप ही स्थित है। दोनों के मध्य मजदूरी की राशि को लेकर पुरानी दुश्मनी है। दिनांक 4 अप्रैल 2022 को दोपहर करीब 3 बजे प्रार्थी हेमसागर अपने घर पर था तभी अभियुक्त शिव कुमार उसके घर आकर राशि की मांग करने लगा और अश्लील गाली गलौज करते हुये अपने पास रखे चाकू से हेमसागर के बायें कान के पीछे प्राणघातक वार किया।
खून से लथपथ हेमसागर बचाओ.बचाओ कहते हुये घर से बाहर भागा। उसकी आवाज सुनकर मां मीना सागर व बहन शिवकुमारी भी आ गई। जिन्हें देखकर अभियुक्त शिवकुमार भाग निकला। तत्काल हेमसागर को महासमुंद जिला अस्पताल लाया गया। जहां से रिफर कर मेकाहारा रायपुर ले जाया गया। जहां 8 अप्रैल 2022 को हेमसागर की मृत्यु हो गई। न्यायालय ने आरोपी को सश्रम कारावास के अलावा दोनों धाराओं के तहत 1-1 हजार रुपए का अर्थदंड तथा अर्थदंड राशि नहीं पटाये जाने पर 3-3 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतने की सजा दी है। शासन की ओर से अधिवक्ता भरत सिंह ठाकुर ने पैरवी की।