महासमुन्द
अब बायोमेट्रिक सिस्टम के बाद केन्द्रों में किसान की असली पहचान हो सकेगी
जिले के दर्जन भर से अधिक खरीदी केन्द्रों में बोहनी नहीं...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 नवंबर। महामसुंद जिले के 184 धान खरीदी केन्द्रों में आगामी सोमवार को बायोमेट्रिक से धान खरीदी शुरू हो जायेगी। प्रशासन की ओर से लगभग सभी खरीदी केन्द्रों में मशीनें पहुंचाई जा चुकी है। लेकिन छुट्टियों तथा त्योहारी सीजन की वजह से मशीनों में सॉफ्टवेयर इंस्टॉल नहीं हो सका था। दूसरी ओर अधिकांश किसान धान की कटाई नहीं कर पाये हैं। फिलहाल केन्द्रों में धान की आवक कम है। किसान त्योहार में व्यस्त हैं। आगामी सप्ताह भर के भीतर ही खरीदी केन्द्रों में धान की अच्छी आवक शुरू हो जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार धान की अवैध आवक को रोकने के लिये इस बार प्रशासन ने बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू किया है। इससे न केवल धान की अवैध आवक को रोका जा सकेगा। बल्कि खरीदी कार्य में भी तेजी आयेगी। त्योहार की वजह कुछ दिनों से धान की आवक कम थी। त्यौहार के बाद एकाएक आवक में इजाफा होने की आशा है। मालूम हो कि 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू होने के बाद जिले के दर्जन भर से अधिक खरीदी बैंक केन्द्रों में बोहनी तक नहीं हो सकी है।
किसान इसका खास कारण बताते हैं कि इस बार केवल हरूना 146 वैरायटी के धान की ही कटाई पूरी हो सकी है। जबकि शेष वैरायटियों के धान की कटाई शुरू है। वहीं अनेक किसान दीपावली के बाद ही कटाई कार्य में जुटेंगे। चूंकि अब भी खेतों में नमी है। लिहाजा खरीदी केन्द्रों में धान की आवक कम है।
जिले के सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से लगातार शिकायतें मिल रही थी कि ओडि़शा से लगे कुछ ग्रामों के लोग समर्थन पर अवैध रूप से ओडि़शा का धान लाए थे। इस पर अकुंश लगाने के लिये प्रशासन ने काफी प्रयास किया था। बावजूद इसके अवैध बिक्री कम नहीं हो पा रही थी। अब बायोमेट्रिक सिस्टम के बाद केन्द्रों में किसान की असली पहचान हो सकेगी। इस व्यवस्था में कोई भी किसान नमी युक्त धान नहीं बेच सकेगा। इसलिये किसान खेत में नमी सूखने का इंतजार कर रहे हैं। जिला सहकारी बैंक से मिली जानकारी के अनुसार 1 नवम्बर से आज तक की स्थिति में कुल 14630 किसानों ने 601972.40 क्विंटल धान विक्रय किया है।