महासमुन्द

गांवों में शाम गाय के गोबर से पहाड़ी तैयार करते हैं, जो गोवर्धन पर्वत का प्रतिनिधित्व करती है...
14-Nov-2023 2:40 PM
गांवों में शाम गाय के गोबर से पहाड़ी तैयार करते हैं,  जो गोवर्धन पर्वत का प्रतिनिधित्व करती है...

  • इस पहाड़ी को फूलों और रंगोली से सजाते हैं
  • गौपालकों के घर में गायों को सोहई बांधी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 नवंबर।
आज महासमुंद समेत गांवों में गोवर्धन पूजा की तैयारी है। गौपालकों के घर में गायों को सोहई बांधने का काम जाारी है। दल बल के साथ राउत सुबह से बाजेे गाजे के साथ नाचते गाते गायों को सोहई बांध रहे हैं। 

मान्यता अनुसार शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। गोवर्धन पूजा दीपावली अर्थात लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन मनाया जाता है लेकिन इस साल एक दिन बाद यह त्यौहार मनाया जा रहा है।

पंडितों के हिसाब से इस बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत  13 नवंबर दिन सोमवार को दोपहर 2 बजकर 56 मिनट से हो हुई और इसका समापन आज 14 नवंबर दिन मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर है। इस तरह उदया तिथि को देखते हुए गोवर्धन पूजा आज 14 नवंबर दिन मंगलवार को मनाई जा रही है। 

नगर पंडित पंकज तिवारी के मुताबिक गोवर्धन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त आज 14 नवंबर 2023 दिन मंगलवार को सुबह 06 बजकर 43 मिनट से लेकर सुबह 8 बजकर 52 मिनट तक है। इसके साथ ही इस बार गोवर्धन पूजा के दिन शुभ योग बन रहे हैं। गोवर्धन पूजा पर शोभन योग प्रात:काल से लेकर दोपहर 01 बजकर 57 मिनट तक है। उसके बाद से अतिगंड योग शुरू हो जाएगा। अतिगंड योग शुभ नहीं होता है। हालांकि शोभन योग को एक शुभ योग माना गया है। 

मालूम हो कि गांवों में गोवर्धन पूजा के दिन सुबह स्नानादि करने के बाद शाम होत ही शुभ मुहूर्त में गाय के गोबर से गिरिराज गोवर्धन पर्वत की आकृति बना पशुधन यानी गाय, बछड़े आदि की आकृति भी बनाते हैं। इसके बाद धूप-दीप आदि से विधिवत पूजा कर,  भगवान कृष्ण को दुग्ध से स्नान कराने के बाद उनका पूजन करते हैं। इसके बाद अन्नकूट का भोग लगाई जाती है। हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह पूजा भगवान कृष्ण से जुड़ी हुई है। भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्रदेव की पूजा की जगह गोवर्धन और गायों की पूजा करने की सलाह दी थी। तब इंद्र के प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए उन्होंने सात दिन तक गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर लोगों की रक्षा की थी। 

इसके बाद से गौवर्धन पूजा जारी है। एक मान्यता है कि गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने से पूजा करने वाले व्यक्ति को इच्छानुसार फल भी मिलता है। जो व्यक्ति गोवर्धन पूजा करता है उसके धन और समृद्धि का लाभ होता है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। इस दिन लोग भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित करते हैं।

गोवर्धन पूजा के दिन गाय की गोबर से एक छोटी सी पहाड़ी तैयार करते हैं। जो गोवर्धन पर्वत का प्रतिनिधित्व करती है। इस पहाड़ी को फूलों और रंगोली से सजाते हैं। कहते हैं कि इससे परिवार में खुशहाली रहती है। गोवर्धन पूजा होते ही गांवों में लोग एक दूसरे के माथे पर गोवर्धन का टीका लगाकर दीपालवी की बधाईयां देते हैं। बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं। 


अन्य पोस्ट