महासमुन्द

सिटी स्पोर्ट क्लब में महाकाली पूजा के लिए तैयारियां शुरू
11-Nov-2023 3:33 PM
सिटी स्पोर्ट क्लब में महाकाली  पूजा के लिए तैयारियां शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 नवंबर।
शहर के सिटी स्पोर्ट क्लब में बंग समाज द्वारा आयोजित महाकाली पूजा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए भव्य पंडाल लगाए जा रहे हैं। प्रथम दिवस यहां पर स्थापना का कार्यक्रम होगा। इस दौरान महाकाली की प्रतिमा स्थापित होगी और कोलकाता से झांकी वादकों की एक विशेष टीम भजन प्रस्तुत करेगी। इसके अलावा पूजा करने वाले पुरोहित भी कोलकाता से ही आएंगे। 

मिली जानकारी के मुताबिक सिटी स्पोट्र्स क्लब में विगत 26 वर्षों से काली पूजा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन का 27 वां वर्ष है। दीपावली पर स्थानीय नागरिकों और बंग समाज के संयोजन में शानदार तीन दिवसीय काली पूजा उत्सव का आयोजन किया जाता है। त्योहार पर इस आयोजन में पूरा शहर जुटता है। दीवाली पर यह स्थल लोगों से मेल-मुलाकात, भक्ति संगीत का अनूठा केंद्र रहता है। 

आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार भी माना रायपुर से मां काली की प्रतिमा मंगाई जा रही है। 12 अक्टूबर को देर रात तक मां काली की पूजा.अर्चना प्रारंभ होगी। वहीं 13 अक्टूबर को द्वितीय दिवस बाबा रामदेव म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या तथा बंग समाज के बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। 

इसके अलावा तीसरे दिन बजे-गाजे के साथ शाम 5 बजे से विसर्जन यात्रा निकलेगी। समाज के संदीप घोष के अनुसार दीपोत्सव पर शहर का यह एकमात्र आयोजन है। घरों में लक्ष्मी जी की पूजा कर देर शाम यहां लोग पहुंचते हैं। भाईदूज की शाम भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है। दीवाली में गौरा-गौरी पूजन, राउत नाच, सुआ नृत्य के साथ अब काली पूजा भी शहर की परंपराओं और उत्सव से जुड़ गई है। 
 


अन्य पोस्ट