महासमुन्द
यहां से होकर प्रदेश में फैलेगा अब नइ सहिबो बदल के रहिबो का नारा-शंकर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्ष्मी पूजन के दूसरे दिन 13 नवंबर को बेमचा मैदान में चुनाव आमसभा को संबोधित करेंगे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे सुबह लगभग 11 बजे के आसपास बेमचा पहुंचेंगे। अधिकृत प्रोटोकाल 12 नंवबर को जारी होगा।
पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधारी, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, शंकर अग्रवाल, चंद्रहास चंद्राकर ने बताया कि पीएम मोदी की आमसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह तो है ही, जनता में भी अपार उत्साह है।
शंकर अग्रवाल ने बताया कि मोदी की जनसभा में 8 विधानसभा के करीब 75 हजार लोग शामिल होंगे। आमसभा को भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। अब नइ सहिबो बदल के रहिबो जैसे परिवर्तन का नारा बेमचा मैदान से लहर के रूप में पूरे क्षेत्र में फैलेगा। सांसद चुन्नीलाल साहू ने बताया कि बालोद की जनसभा में मोदी जी ने घोषणा की थी कि तीन जिले के पीछे मेडिकल कॉलेज देंगे। उनका कहा महासमुंद जिले में सकार हुआ है। यहां के मेडिकल कालेज में भविष्य के डाक्ॅटर इस साल दूसरे-तीसरे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे हंै।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। इस तरह के विकास के कारण कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता भी आमसभा को लेकर उत्सुक है। प्रदेश की जनता कांग्रेस को नकार चुकी है। भाजपा के संकल्प पत्र में जिस प्रकार नारी शक्ति को महत्व मिला है। प्रत्येक विवाहित महिलाओं को साल में 12 हजार रुपए देने का घोषणा की है। तब से महिलाओं में खुशी की लहर है और महिलाएं स्वस्फूर्त महसूस करने लगी है कि पहली बार महिलाओं को सम्मान दिया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि जिले के सरायपाली, खल्लारी और महासमुंद के अलावा रायपुर जिले के आरंग और गरियाबंद जिले के राजिम विधानसभा से और कार्यकर्ता मोदी की आमसभा में पहुंचेंगे। इसकी व्यापक तैयारियां की जा रही है।