महासमुन्द
कहा-राज्य में कांग्रेस की लबरा सरकार सत्तासीन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कल झलप में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की देन है। झलप क्षेत्र में स्कूल भवन, सडक़, पुल-पुलियों सहित जितने भी विकास कार्य हुए हैं,सभी भाजपा सरकार की ही देन है। वर्तमान में कांग्रेस की लबरा सरकार सत्तासीन है।
उन्होंने आगे कहा कि झलप क्षेत्र में कांग्रेस ने किसी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं कराया है। पश्चात श्री सिंह ने भाजपा के कार्यकाल में महासमुंद के विकास कार्यों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने राज्य के कांग्रेस सरकार की चार चिन्हारी नरवा गरवा घुरवा बारी को चोरी, बेइमानी, भ्रष्टाचार व झूठ की पहचान कहा। श्री सिंह ने शराबबंदी को लेकर कहा कि भूपेश बघेल, राहुल गांधी ने हाथ में गंगाजल लेकर पूर्ण शराबबंदी की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा कि भजापा विवाहित महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए देगा। सभी विवाहित महिलाओं का फार्म भरा जाएगा। यदि महिलाओं के भरे नहीं होंगे तो कार्यकर्ता उनके घर जाकर फार्म भरने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जुआ, सट्टा में हाथ होने का आरोप है। महादेव ऐप में 508 करोड़ का घोटाला सामने आया है।
डॉ.रमन सिंह ने लालू यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने चारा घोटाला किया पर छग की बघेल सरकार गोबर घोटाला कर 6 करोड़ का गोबर खा गई। डॉ. सिंह ने पिछले बोनस की राशि 42 सौ रुपए 25 दिसंबर को किसानों के खाते में जमा होने का आश्वासन दिया। कहा कि यह वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी एवं सांसद चुन्नीलाल साहू ने भी संबोधित किया।
मंच पर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर,चंद्रहास चंद्राकर, मोती साहू, इंद्रजीत गोल्डी, धरमदास साहू, राकेश चंद्राकर, रूपलाल पटेल, मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक परेश बागबाहरा,प्रशांत श्रीवास्तव, शम्मी सलूजा, धरम पटेल, सतपाल सिंग, पवन पटेल, धर्मेश शुक्ला सहित झलप क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी के मार्गदर्शन एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में 80 लोगों ने डॉ.सिंह के समक्ष भाजपा प्रवेश किया।