महासमुन्द
राजधानी में राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में खेलेगा महासमुंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। शासकीय महाप्रभु वल्लाभाचार्य कॉलेज में पिछले 4 दिनों से जारी क्रिकेट टूर्नामेंट फायनल मैच में कल महासमुंद बलौदाबाजार को 10 विकेट से हराकर विजेता बना। अब यहां से महासमुंद राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिये फाइट करेगा। आगामी 25 से 30 नवम्बर को यह राज्य स्तरीय टूर्नामेंट राजधानी में आयोजित किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार यहां पिछले 4 दिनों से बलौदाबाजार, महासमुंद, बैकुंठ, सरायपाली, सिमगा, मोपका, पलारी तथा भाटपारा की क्रिकेट टीमें प्रदर्शन कर रही थी। कल हुए मैच में महासमुंद ने मुकाबले में बलौदाबाजार को 10 विकेट से परास्त किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वसीम के 61 रनों के बदौलत बलौदाबाजार ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर मात्र 104 रन ही बनाए थे। महासमुंद की ओर से वेदप्रकाश ने गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिया। लंकेश्वर को 1 विकेट मिला। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी महासमुंद ने 8 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। महासमुंद की ओर से कृतेश साहू ने मात्र 24 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। जिसमें 5 छक्के एवं 9 चौके शामिल थे। वहीं देव देवांगन ने 6 चौके की मदद से 29 रनों का योगदान दिया।
महासमुंद की टीम में वैभव कन्नौजे, कृतेश साहू, ओमकार देशमुख, लखेश्वर, देव देवांगन, चंद्रकांत देवांगन, केजू, भावेश साहू, भोजराज, ओमकार साहू, वेदप्रकाश, दिलेश, कुंदन चंद्राकर, प्रियांशु चंद्राकर, दीपक, करन खडिय़ा, कोच मुकेश पेंदरिया शामिल हैं। शासकीय महाविद्यालय के विजयी होने पर प्राचार्य डॉ.अनुसूया अग्रवाल, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र नाथ मिश्रा, क्रीड़ा अधिकारी दिलीप लहरे, मुकेश पेंदरिया,पूर्णेन्द वर्मा, शहबाज खान, तुषार चंद्राकर, अभिषेक गुप्ता, श्रीकेश गुप्ता, शिवम चंद्राकर, आशीष कुमार, जाबीर खान, लुकेश, शुभम साहू ने हर्ष व्यक्त किया। मैन ऑफ द मैच कृतेश साहू महासमुंद, बेस्ट बॉलर वसीम बलौदाबाजार, बेस्ट बैट्समैन ओमकार साहू महासमुंद, मैन ऑफ द सीरीज कृतेश साहू रहे।