महासमुन्द
आचार संहिता के आधे घंटे पहले राशन-पानी लेकर आंदोलन करने कलेक्टोरेट पहुंचे थे ग्रामीण
महासमुंद, 7 नवंबर। सिरपुर के आश्रित ग्राम मुडिय़ाडीह के ग्रामीण वर्षों से सडक़ के अभाव में नरकीय जीवन जीने के लिये विवश हैं। सडक़ नहीं होने की वजह से ग्रामीण सहित स्कूली बच्चों को वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने पूर्व जनपद सदस्य योगेश्वर चन्द्राकर के नेतृत्व में अनेक बार प्रशासन को पत्र ज्ञापन सौंपा। लेकिन इस मांग पर आज पर्यंत किसी भी तरह की पहल नहीं हो सकी। यही नहीं प्रति वर्ष ग्रामीण सडक़ की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते रहे, लेकिन आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक ने इस क्षेत्र में सडक़ निर्माण करने के लिए बकायदा भूमिपूजन भी कर लिया था। इसके बावजूद यहां सडक़ निर्माण का श्री गणेश नहीं हो सका है। क्षेत्र के ग्राम पासीद के आश्रित ग्राम मुडिय़ाडीह से अंवरई तक सडक़ निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पत्र व्यवहार कर रहे हैं। आम दिनों में तो यहां स्थिति खराब रहती है। लेकिन बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। आपात स्थिति निर्मित होने पर इस सडक़ से महतारी एक्सप्रेस और संजीवनी 108 का चलना भी मुश्किल हो जाता है।
पूर्व जनपद सदस्य योगेश्वर चन्द्राकर ने बताया कि सडक़ विहिन ग्राम की वजह से यहां गर्भवती माताओं को बारिश के दौरान प्रसव के लिए खाट पर बिठा कर दूसरे गांव स्थित अस्पताल ले जाना पड़ता है। बच्चे घुटने तक पानी पार करके स्कूल जाते हैं। बुरी तरह बीमार कुछ ग्रामीणों की मौत हो चुकी है? यहां सडक़ निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर के पास भी गुहार लगाई थी। अंतत: ग्रामीणों ने अब चुनाव बहिष्कार का निर्णय ले लिया है। ग्रामीणों ने कल ग्राम में रैली निकाल कर नारा लगाया कि रोड़ नहीं तो वोट नहीं।
सडक़ के लिए करते रहेंगे प्रदर्शन
मालूम हो कि आचार संहिता लगने के ठीक आधे घंटे पहले अपने-अपने घरों के सामान गैस सिलेंडर सहित मवेशियों को लेकर सडक़ की मांग को लेकर ग्रामीण बाल बच्चे समेत प्रदर्शन करने महासमुंद आए थे। इसी वक्त कलेक्टोरेट के भीतर अधिकारियों की बैठक चल रही थी। आंदोलन शुरू ही हुआ था कि आचार संहिता की खबर मिली।
तब अधिकारियों की समझाईश पर ग्रामीण गांव वापस लौट गए थे, लेकिन अब उनका कहना है कि जब तक सडक़ निर्माण नहीं होगा वे कच्ची सडक़ पर प्रदर्शन करते रहेंगे। इसी रास्ते में धंसकुंड तथा सिरपुर एक बड़ा पर्यटन स्थल है। बावजूद यह गांव आज तक सडक़ विहीन है, यह चर्चा का विषय बना हुआ है।