महासमुन्द
नपाध्यक्ष ने कहा-जनता के सुझावों को कांग्रेस ने घोषणा पत्र में शामिल किया है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 नवंबर। कांग्रेस नेत्री व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने कांग्रेस द्वारा रविवार को जारी घोषणा पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घोषणापत्र भाजपा के घोषणापत्र से कहीं अधिक बेहतर है। कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के सुझावों को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया है। 2018 की तरह 2023 के चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र में किसानों की कर्जमाफी के साथ आमजनता के हितों को ध्यान में रखा है। जहां किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3200 रुपए के साथ 20 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी किए जाने की घोषणा है। वहीं आमजनों के लिए बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए दो सौ यूनिट फ्री बिजली दिए जाने की घोषणा की गी है।
इसके अलावा सरकारी स्कूल.कॉलेजों में केजी से पीजी तक की शिक्षा मुफ्त, तेंदूपत्ता प्रति मानक बोरा 6000 रुपए और 4000 रुपए सालाना बोनस, भूमिहीनों को 10000 रुपए प्रतिवर्ष दिए जाना तय किया है। गैस सिलेंडर की कीमतों से राहत देते हुए 500 रुपए की सब्सिडी, साढ़े 17 लाख गरीब परिवार को आवास और 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज, दुर्घटनाओं पर मुफ्त इलाज, तिंवरादाल को भी समर्थन मूल्य पर खरीदने की बात कांग्रेस की घोषणापत्र में शामिल है।
श्राीमती महिलांग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काबिज कांग्रेस सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए फैसला लेते हुए काम किया है। कांग्रेस सरकार की योजनाओं और फैसलों से प्रदेश के किसानों में खुशहाली आई है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों की कर्जमाफी की। इससे 19 लाख किसानों को फायदा मिला। छत्तीसगढ़ में किसानों का 10 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है। इसके साथ ही 26 लाख किसानों को 23 हजार करोड़ रुपए किसान न्याय योजना के तहत दिया गया।
छत्तीसगढ़ के किसानों से 2500 रुपए प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन आज 2640 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि सरकार की नीयत साफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादे पूरा करती है।